पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने जापान, कोस्टा रिका और यूनाइटेड किंगडम में वैश्विक अकादमिक सहयोग को आगे बढ़ाया
5 Dariya News
बठिंडा 09-Dec-2024
कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में संचालित पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब) के शिक्षकों डॉ. श्रुति कांगा, प्रो. संदीप कौर, और प्रो. ज़मीरपाल कौर संधू बाजवा ने क्रमशः जापान, कोस्टा रिका और यूनाइटेड किंगडम के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में विज़िटिंग फेलो के रूप में अपनी हालिया यात्रा के दौरान वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को सशक्त किया है। इनके प्रयासों ने विश्वविद्यालय की वैश्विक अनुसंधान सहयोग और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया है।
डॉ. श्रुति कांगा (भूगोल विभाग की प्रमुख) ने 12 से 19 नवंबर 2024 तक इंडो-जापान वॉटर-एनर्जी डायनामिक्स प्रोजेक्ट के तहत जापान का दौरा किया। यह परियोजना जापान सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ साइंस (जेएसपीएस) और भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) द्वारा वित्त पोषित है। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने इंस्टिट्यूट फॉर ग्लोबल एनवायरनमेंटल स्ट्रैटेजीज़ (आईजीईएस) और टोक्यो विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के साथ सहयोग किया।
साथ ही, उन्होंने टोक्यो सस्टेनेबिलिटी फोरम में आयोजित कार्यशालाओं में भाग लिया और जल व ऊर्जा प्रबंधन की नवीन रणनीतियों का अध्ययन किया। उनका शोध आधुनिक तकनीकों और सामुदायिक दृष्टिकोणों का उपयोग कर बठिंडा में सतत विकास की चुनौतियों का समाधान खोजने पर केंद्रित है।
प्रोफेसर संदीप कौर (अर्थशास्त्र अध्ययन विभाग) ने 4-15 नवंबर, 2024 तक कोस्टा रिका के सेंट्रो इंटरनेशनल डी पोलिटिका इकोनॉमिका पैरा एल डेसारोलो सोस्टेनिबल (सीआईएनपीई) में विज़िटिंग फेलो के रूप में भाग लिया। उन्होंने यात्रा के दौरान अनुसंधान चर्चाओं में भाग लिया, अतिथि व्याख्यान दिए, और लॉस सैंटोस क्षेत्र के आरईसीओपीई और कॉफी बागानों जैसे प्रमुख स्थलों का दौरा किया।
सीआईएनपीई की बायोइंका रिसर्च टीम के साथ उनके सहयोग ने भविष्य के स्थायित्व-केंद्रित अनुसंधान प्रयासों का मार्ग प्रशस्त किया। विश्वविद्यालय के पंजाबी विभाग से प्रोफेसर ज़मीरपाल कौर संधू बाजवा ने 12 से 21 अक्टूबर, 2024 तक विज़िटिंग फेलो के रूप में कार्डिफ विश्वविद्यालय, वेल्स का दौरा किया।
वहां उन्होंने भारतीय सौंदर्यशास्त्र पर व्याख्यान दिया, भारतीय और पश्चिमी दर्शन पर गहन चर्चा की, और सीयू पंजाब तथा कार्डिफ विश्वविद्यालय के बीच संभावित समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा, उन्होंने 23 से 25 अक्टूबर के बीच इंटरनेशनल बैकलॉरिएट की वैश्विक बैठक में भाग लिया, जहां अकादमिक सहयोग को और सशक्त किया गया।
पंजाब केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राघवेंद्र प्रसाद तिवारी ने प्रभावशाली वैश्विक सहयोग के लिए विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा किए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा यह पहल सार्थक वैश्विक साझेदारी और स्थानीय सहभागिता के माध्यम से सतत संसाधन प्रबंधन के लिए अनुकूलनीय विज्ञान-आधारित समाधान खोजने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।