5 Dariya News

एलपीयू स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2024 सातवें एडिशन के ग्रैंड फिनाले के लिए 222 प्रतिभागियों की 37 टीमों की करेगा मेजबानी

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन ग्रैंड फिनाले एलपीयू सहित देशभर के 51 केंद्रों में आयोजित किया जाएगा।

5 Dariya News

जालंधर 09-Dec-2024

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) अपने प्रमुख नोडल केंद्रों में से एक के रूप में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) 2024 - सॉफ्टवेयर एडिशन ग्रैंड फिनाले के सातवें संस्करण की मेजबानी कर रही है। यह प्रोग्राम शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल (एमआईसी) और ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) द्वारा आयोजित किया जाता है। दो दिवसीय ग्रैंड फिनाले 11 दिसंबर, 2024 को एलपीयू सहित देशभर के 51 केंद्रों पर शुरू होगा। 

इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा वर्चुअली किया जाएगा। एसआईएच एक राष्ट्रीय पहल है जो छात्रों को वास्तविक दुनिया की समस्याओं को हल करने, इनोवेशन को बढ़ावा देने और समस्या-समाधान की मानसिकता के लिए एक मंच प्रदान करती है। एसआईएच 2024 में देश भर में 49,000 से अधिक छात्र टीमें (प्रत्येक में 6 छात्र और 2 मेंटोर्स) भाग ले रही हैं। 

एलपीयू 37 टीमों (222 प्रतिभागियों) की मेज़बानी करेगी जो पंजाब और राजस्थान सरकारों द्वारा जारी की गई  छह महत्वपूर्ण समस्याओं को समाधान ढूंढेगी। इस कार्यक्रम में 54 मंत्रालयों, विभागों, इंडस्ट्री और पेएसयू के 250 से अधिक समस्या विवरण शामिल हैं जो इसके बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हैं। 

हैकथॉन में हेल्थकेयर, सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स, स्मार्ट टेक्नोलॉजीज, हेरिटेज और संस्कृति, स्थिरता, शिक्षा और कौशल विकास, जल, कृषि और फूड, उभरती हुई तकनीकें और आपदा प्रबंधन सहित 17 महत्वपूर्ण क्षेत्रों को संबोधित किया गया है। विजेता टीम को उनके अभिनव समाधानों के लिए ₹1 लाख का नकद पुरस्कार मिलेगा।

डॉ. अशोक कुमार मित्तल, सांसद (राज्यसभा) और एलपीयू के संस्थापक चांसलर ने कहा, "यह लगातार पांचवां साल है जब एलपीयू को एसआईएच ग्रैंड फिनाले की मेजबानी के लिए चुना गया है, जो भारत के प्रतिभाशाली दिमागों को राष्ट्र की प्रगति के लिए प्रभावशाली, युवा-संचालित इनोवेशन को विकसित करने के लिए सशक्त बनाने वाला एक प्रतिष्ठित मंच है।"

एलपीयू की सात टीमों को राष्ट्रीय फिनाले में प्रतियोगिता करने के लिए चुना गया है। प्रत्येक टीम मैसूर, कर्नाटक और दिल्ली सहित देश भर में बने अलग नोडल केंद्र में भाग लेगी। पिछले साल, एलपीयू की टीम इनोववोर्टेक्स ने हार्डवेयर एडिशन में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन ट्रॉफी हासिल की थी।