5 Dariya News

सी जी सी की नया सवेरा फाउंडेशन ने 28 ग्रामीण महिलाओं को स्व-रोजगार की ट्रेनिंग दी

पी एन बी किसान प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से "रसोई से रोजगार" बैनर तले हुनरमंद बनाया गया

5 Dariya News

मोहाली 08-Dec-2024

चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज (सीजीसी), झांझेड़ी  न केवल बेहतरीन शिक्षा और उत्कृष्ट परिणाम प्रदान कर रहा है, बल्कि जनकल्याण के कई प्रयास भी कर रहा है। इसी कड़ी में सीजीसी की नया सवेरा फाउंडेशन ने ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं के लिए हुनर विकास के माध्यम से स्व-रोजगार प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। 

नया सवेरा फाउंडेशन की अध्यक्ष बिसमन धालीवाल की अगुवाई में यह कार्यशाला पीएनबी किसान प्रशिक्षण केंद्र, फतेहगढ़ साहिब के सहयोग से आयोजित की गई। "रसोई से रोजगार" बैनर के तहत आयोजित इस कार्यशाला में 28 महिलाओं ने अपने रसोई कौशल को उद्यमिता में परिवर्तित करना सीखा। 

इस दौरान, महिलाओं को अचार, चटनी, जैम, कैंडी और मुरब्बा बनाने की ट्रेनिंग दी गई और उत्पादों की मार्केटिंग और बिक्री के तरीके समझाए गए। पीएनबी किसान प्रशिक्षण केंद्र, फतेहगढ़ साहिब के निदेशक हरप्रीत सिंह सिद्धू ने भी कार्यशाला का मार्गदर्शन करते हुए महिलाओं को नया व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने के तरीके साझा किए।

सी जी सी की नया सवेरा फाउंडेशन की अध्यक्ष बिसमन धालीवाल ने इस कार्यशाला की सफलता पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि सीजीसी झांझेड़ी के एमडी अर्श धालीवाल के सक्षम नेतृत्व में, सीजीसी कैंपस उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए कई जनकल्याण प्रयास कर रहा है। यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए की गई है। 

उन्होंने आगे कहा कि नया सवेरा फाउंडेशन के माध्यम से समाज के हर वर्ग को आत्मनिर्भरता और प्रगति के लिए प्रेरित करके सशक्त बनाया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में सकारात्मक और स्थायी प्रभाव पड़ेगा।