पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय में "प्लांट मेटाबोलोमिक्स" विषय पर जी.आई,ए.एन. कोर्स का आयोजन
5 Dariya News
बठिंडा 07-Dec-2024
पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा भारत सरकार की उच्च शिक्षा के लिए शुरू की गई पहल ग्लोबल इनिशिएटिव ऑफ एकेडमिक नेटवर्क (जी.आई.ए.एन.) के अंतर्गत "प्लांट मेटाबोलोमिक्स" विषय पर पांच दिवसीय कोर्स का सफल आयोजन किया गया। यह कोर्स 28 नवंबर 2024 से 3 दिसंबर 2024 तक आयोजित हुआ। इसमें कोलकाता, चेन्नई, अमरावती, इलाहाबाद और सागर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए 54 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इनमें जैव प्रौद्योगिकीविद, उद्योग विशेषज्ञ, छात्र, शोधकर्ता और शिक्षाविद शामिल थे। इस जी.आई.ए.एन. कोर्स का समन्वयन हुनान एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी, चीन के डॉ. जियान झाओ और पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के डॉ. विनय यादव ने किया। उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी ने भारतीय छात्रों को वैश्विक अनुसंधान प्रवृत्तियों से परिचित कराने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों की आवश्यकता और महत्व को रेखांकित किया।
इस पांच दिवसीय जी.आई.ए.एन. कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को अत्याधुनिक तकनीकों जैसे जीसी-एमएस, एलसी-एमएस, और एनएमआर का उपयोग करके पौधों के मेटाबोलाइट्स की पहचान और विश्लेषण करना सिखाया गया। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को जटिल मेटाबोलोमिक्स डेटा को समझने, पौधों की कार्यक्षमता और स्वास्थ्य का विश्लेषण करने जैसे क्षेत्रों में विकसित हुई नवीन तकनीकों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन सत्र में डॉ. विनय यादव ने इस कोर्स की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को उपयोगी प्लांट मेटाबोलाइट्स की पहचान, मेटाबोलोमिक्स डेटा का विश्लेषण, मेटाबोलिक कंट्रोल एनालिसिस के जरिए जीन की पहचान, और मेटाबोलोमिक्स से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने की क्षमता प्रदान करने में सफल रहा। उन्होंने यह भी बताया कि डॉ. झाओ द्वारा साझा किए गए नवीनतम शोध और दृष्टिकोणों से प्रतिभागियों को अत्यधिक लाभ हुआ।
जी.आई.ए.एन. कोर्स के समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रायोजित यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को वैश्विक विशेषज्ञों से सीखने और उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।