5 Dariya News

कुलदीप सिंह धारीवाल ने बटाला में जिला गुरदासपुर के नए चुने सरपंचों और पंचों को शपथ दिलाई

जिले के 1267 सरपंचों और 7208 पंचों ने अपने पद की शपथ ली

5 Dariya News

बटाला (गुरदासपुर) 03-Dec-2024

प्रदेश के प्रवासी भारतीय मामलों और शासन सुधार विभाग के मंत्री स. कुलदीप सिंह धारीवाल द्वारा आज दाना मंडी बटाला में जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जिले में नए चुने गए सरपंचों और पंचों को पद की शपथ दिलाई गई। पंजाब सरकार द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जिले के 11 ब्लॉकों में चुने गए 1267 सरपंचों और 7208 पंचों ने अपने पद की शपथ ली।

शपथ दिलाने से पहले सरपंचों और पंचों को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री स. कुलदीप सिंह धारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार ने पंचायती चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने में एक नई मिसाल कायम की है, क्योंकि ये पंचायती चुनाव गांवों को राजनीतिक पार्टीबाजी के हस्तक्षेप से दूर रखने के लिये बिना किसी राजनीतिक पार्टी के चुनाव चिन्ह के कराए गए थे। 

उन्होंने कहा कि इस कदम से लोगों के बीच आपसी भाईचारे की भावना और मजबूत होगी। स. धारीवाल ने नए चुने गए सरपंचों और पंचों से अपील की कि वे विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए अपने गांवों में ग्राम पंचायतों की बैठकें कर के पंचायती निर्णयों में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। 

उन्होंने कहा कि सरपंच/पंच अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभा कर आम आदमी और अपने गांवों की तकदीर बदल सकते हैं। कैबिनेट मंत्री स. कुलदीप सिंह धारीवाल ने पंचायती प्रतिनिधियों से अपील की कि वे सबसे पहले पंचायती राज अधिनियम को पढ़कर अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हों। 

उन्होंने कहा कि चुने गए पंचायती प्रतिनिधियों में 50 प्रतिशत महिलाएं चुनी गई हैं और महिला सरपंचों एवं पंचों को खुद आगे आकर पंचायत के काम करने चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पंचायती प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देने के लिए विशेष सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे।

इससे पहले सरपंचों और पंचों को बधाई देते हुए विधानसभा हलका बटाला के विधायक और आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी प्रधान श्री अमन शेर सिंह शैरी कलसी ने कहा कि पंजाब सरकार उनके साथ खड़ी है और गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए फंडों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। 

उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की मूल और सबसे महत्वपूर्ण इकाइयां होती हैं और यदि गांव की पंचायत पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपना कार्य करे, तो उस गांव का रूप बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों को धड़ों से ऊपर उठकर अपने गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करना चाहिए। 

उन्होंने पंचायती प्रतिनिधियों से युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की, ताकि पंजाब को एक बार फिर रंगला बनाया जा सके। इस अवसर पर श्री हरगोबिंदपुर साहिब से विधायक स. अमरपाल सिंह, डेरा बाबा नानक से विधायक स. गुरदीप सिंह रंधावा, जिला योजना कमेटी गुरदासपुर के चेयरमैन और आम आदमी पार्टी के प्रदेश जनरल सचिव स. जगरूप सिंह सेखवां, पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉर्पारेशन के चेयरमैन श्री रमन बहल, पनसप के चेयरमैन बलबीर सिंह पन्नू और आम आदमी पार्टी के जिला शहरी प्रधान शमशेर सिंह दीनानगर ने भी नए चुने सरपंच और पंच साहिबानों को मुबारकबाद एवं शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि वे अपने विधानसभा हलके की पंचायतों के साथ व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके कार्यों में मदद करेंगे। इस दौरान जिला प्रशासन गुरदासपुर द्वारा डिप्टी कमिश्नर श्री उमा शंकर गुप्ता की अगुवाई में एसएसपी बटाला जनाब सुहेल कासम मीर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) स. सुरिंदर सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) स. गुरप्रीत सिंह गिल, एसडीएम बटाला विक्रमजीत सिंह, डीडीपीओ गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मुख्य अतिथि को यादगार चिन्ह भेंट किया।

इस मौके पर नगर सुधार ट्रस्ट बटाला के चेयरमैन नरेश गोयल, सीनियर आप नेता मनदीप सिंह गिल, चेयरमैन रणजेत सिंह, मलकीत सिंह वैरोनंगल, मानक मेहता, गगन बटाला, नक्कू हंसपाल, ब्लॉक प्रधान परमजीत सिंह खोखर, पीटर मट्टू, सैमुअल गिल दाखला, विक्रम चौहान के अलावा अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।