श्याम सिंह राणा ने रादौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का किया दौरा
मौके पर लोगों की सुनी समस्याएं, दिया जल्द समाधान करने का आश्वासन
5 Dariya News
यमुनानगर 22-Nov-2024
हरियाणा के कृषि, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने यमुनानगर के रादौर विधानसभा के गांवों में धन्यवादी दौरा कर हलके की जनता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि उनका ध्येय जनता की समस्याओं के समाधान एवं हलके में अधिक से अधिक विकास कार्य करवाने का रहेगा।
उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनका शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश में एक ऐसा राज्य है, जहां पर किसानों की सबसे अधिक फसलें एमएसपी पर खरीद की जा रही है। किसान का एक-एक दाना सरकार द्वारा खरीद किया जाएगा। वे किसान परिवार से संबंध रखते हैं इसलिए किसानों की समस्याओं से भलीभांति परिचित है।
इसलिए उनका ध्यान विशेष रूप से किसानों की समस्याओं के समाधान की ओर रहेगा। श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सभी वर्गों को साथ लेकर हरियाणा को और आगे ले जाने का काम किया जाएगा।
प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य रह गए है या अधूर पड़े हैं उन सभी विकास कार्यों को जल्द पूरा कर दिया जाएगा ताकि जनता को उनका लाभ मिल सकें।