जम्मू कश्मीर विधानसभा ने विशेष दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया
5 Dariya News
श्रीनगर 06-Nov-2024
जम्मू और कश्मीर विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें विशेष स्थिति, संवैधानिक गारंटी की बहाली के अलावा इन प्रावधानों को बहाल करने के लिए संवैधानिक तंत्र पर काम करने की मांग की गई। यह प्रस्ताव उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चैधरी ने पेश किया और स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण मंत्री सकीना मसूद ने इसका समर्थन किया। अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने प्रस्ताव को ध्वनि मत के लिए रखा और ध्वनि मत से पारित कर दिया गया।
प्रस्ताव में लिखा है, “यह विधान सभा विशेष दर्जे और संवैधानिक गारंटी के महत्व की पुष्टि करती है, जिसने जम्मू-कश्मीर के लोगों की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा की और उन्हें एकतरफा हटाने पर चिंता व्यक्त की।“इसमें आगे लिखा है, “यह विधानसभा भारत सरकार से विशेष दर्जे, संवैधानिक गारंटी की बहाली के लिए जम्मू-कश्मीर के लोगों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बातचीत शुरू करने और इन प्रावधानों को बहाल करने के लिए संवैधानिक तंत्र पर काम करने का आह्वान करती है।“
प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि, “यह विधानसभा इस बात पर जोर देती है कि बहाली की किसी भी प्रक्रिया को राष्ट्रीय एकता और जम्मू-कश्मीर के लोगों की वैध आकांक्षाओं दोनों की रक्षा करनी चाहिए।“इससे पहले, विपक्ष के नेता सुनील शर्मा और उनकी पार्टी के अन्य विधायकों ने शोर-शराबे के बीच प्रस्ताव पेश करने पर आपत्ति जताई, जिसके कारण अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।