5 Dariya News

अपनी आंतरिक शक्ति को पहचान कर युवा छात्र लगा सकते हैं खुले आसमान में उड़ान - राज लाली गिल

माता गुजरी कॉलेज फतेहगढ़ साहिब ने जीती क्षेत्रीय युवा मेले की ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी

5 Dariya News

मोहाली 03-Nov-2024

ऐसी कोई समस्या नहीं जिसका समाधान न किया जा सके। कठिन समय और कठिन परिस्थितियाँ व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं। खुद को मजबूत बनाने के लिए किसी के पास जाने की जरूरत नहीं है बल्कि अपने अंदर की ताकत को पहचानने की जरूरत है। अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानकर ही युवा छात्र खुले आसमान में उड़ान भर सकते हैं और अपने हर सपने को पूरा कर सकते हैं। 

ये विचार दोआबा ग्रुप ऑफ कॉलेजिस में चल रहे यूथ फेस्टिवल के आखिरी दिन मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए व्यक्त किए। इस दौरान उन्होंने छात्रों को नशे, विदेशों में छात्रों को होने वाली कठिनाइयों और लिव इन रिलेशनशिप की कठिनाइयों के बारे में भी जागरूक किया। 

इसके साथ ही लगातार तीन दिनों से चल रहे इस क्षेत्रीय युवा मेला रंग-बिरंगी यादों के साथ समापत हुआ । कार्यक्रम के तीसरे दिन पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला की डीन डॉ. नरिंदर कौर मुल्तानी और शिक्षाविद् डॉ. गुणमाला सूरी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस तीन दिवसीय क्षेत्रीय युवा मेले में 65 महाविद्यालयों के 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला द्वारा सत्र 2024-25 के इस क्षेत्रीय युवा मेले में माता गुजरी कॉलेज फतेहगढ़ साहिब ने अन्य कॉलेजों को पछाड़ते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती।

इससे पहले आए अतिथियों का स्वागत डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. मीनू जेटली ने किया। तीसरे दिन सभी टीमों को अपनी कला को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। इस उत्सव में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शास्त्रीय नृत्य, माइम, स्किट, गिद्दा, वाद-विवाद, काव्य पाठ, भाषण आदि विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। अंतिम दिन की सबसे आकर्षक भेंट गिद्दा थी। 

इस महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को जानना था। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. नरिंदर कौर मुल्तानी और शिक्षाविद् डॉ. गुणमाला सूरी ने अपने भाषण में पंजाब की समृद्ध संस्कृति के बारे में बात की और युवाओं की ऊर्जा की सराहना की । उन्होंने दोआबा ग्रुप ऑफ कॉलेजेज को रजत जयंती के 25 वर्ष पूरे होने पर ग्रुप को बधाई दी। 

लगातार तीन दिनों तक चले इस क्षेत्रीय युवा मेले के दौरान डीजीसी के चेयरमैन एम.एस. बाठ, डीजीसी के प्रबंध उपाध्यक्ष एस एस संघा, कार्यकारी उपाध्यक्ष मंजीत सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर मनिंदरपाल कौर गिल, डीजीसी के सभी निदेशक-प्राचार्य एवं विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और इस कार्यक्रम के सफल समापन में अपना योगदान दिया।

 इस अवसर पर डॉ. एच.एस. बाठ प्रधान दोआबा ग्रुप ऑफ कॉलेजेज ने छात्रों को उनके नवीन विचारों और समाधानों के लिए बधाई दी और उन्हें अपनी ऊर्जा का उपयोग इसी तरह और सही तरीके से जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। पुरस्कार वितरण समारोह के बाद शाम 7 बजे क्षेत्रीय युवा मेला रंगबिरंगी यादों के साथ समाप्त हुआ।