5 Dariya News

पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पैराकीट का किया औचक निरीक्षण

हरियाणा टूरिज्म को नंबर 1 बनाने की दिशा में किए जाएंगे कार्य

5 Dariya News

पिपली 24-Oct-2024

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा पर्यटन विभाग को और विकसित करते हुए आगे ले जाने का काम किया जाएगा और इस दिशा में कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आज पिपली स्थित पैराकीट का औचक निरीक्षण किया तथा वहां के मैनेजर से बातचीत करते हुए यहां पर जो सुविधाएं उपलब्ध हैं उसकी जानकारी भी हासिल की।

डॉ. अरविंद शर्मा ने पैराकीट का औचक निरीक्षण करते हुए यहां पर स्थित किचन, रेस्टोरेंट व बार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां पर यात्रियों के लिए जो सामान बनाया जाता है उसकी गुणवत्ता की भी जानकारी हासिल की। उन्होंने इस दौरान यहां से सम्बन्धित स्टाफ के बारे जानकारी लेते हुए रिकॉर्ड की व्यवस्थाओं को भी देखा।पर्यटन मंत्री ने कहा कि हरियाणा टूरिज्म को नंबर-1 बनाने की दिशा में कार्य किए जाएंगे। 

इस दौरान उन्होंने स्टाफ की समस्याओं को भी जाना और पैराकीट की गतिविधियों के विस्तार के लिए यहां पर क्या-क्या किया जा सकता है उस बारे भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर सकारात्मक सोच के साथ कार्य किए जाएंगे ताकि पैराकीट में आने वाले यात्रियों व अन्य को और बेहतर सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पदभार ग्रहण करते ही युवाओं को नौकरी देकर उनके सपनों को पूरा किया है। लगभग 25 हजार युवाओं के घर खुशी आई है, दीपावली से पहले उन्हें नौकरी का जो तोहफा दिया है, एक सराहनीय कार्य है।