दिशा ट्रस्ट ने धूमधाम से मनाया करवा चौथ का त्योहार
हरसिमरत कौर काहलों बनीं मिसेज करवा चौथ
5 Dariya News
मोहाली 20-Oct-2024
महिलाओं के कल्याण के लिए काम करने वाली संस्था दिशा वूमेन वेलफेयर ट्रस्ट पंजाब द्वारा ट्रस्ट अध्यक्ष हरदीप कौर के नेतृत्व में करवा चौथ से एक दिन पहले सुहागन के लिए प्री-करवा चौथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें ट्राई सिटी चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में कामकाजी महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से उपस्थित महिलाओं में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखा गया ।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र मोहाली विधायक सरदार कुलवंत सिंह के परिवार से मैडम खुशबू और मैडम रूपांजलि मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस मौके पर उन्होंने सुहागन को करवा चौथ की बधाई देते हुए महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया । कार्यक्रम में प्रख्यात समाज सेविका जगजीत कौर काहलों और नवदीप कौर मिसेज इंडिया सुप्रा नेशनलनेशनल ने विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत की।
इस दौरान महिलाएं लाल रेशम और अन्य रंग-बिरंगे परिधानों में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। इस अवसर पर महिलाओं ने तंबोला, कैट वॉक, डांस, गायन व अन्य गतिविधियों में भाग लेकर अपना मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान मशहूर लोक गायक आर दीप रमन और एम सी रमनदीप कौर ने जज की भूमिका निभाई। जजों के तीखे सवालों का जवाब देते हुए हरसिमरत कौर काहलो ने मिसेज करवा चौथ का खिताब जीता। जबकि सर्वजीत कौर सीरत को सेकेंड रनर अप और रुचि कथूरिया और नवजीत नवी को थर्ड रनर अप का खिताब मिला।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष हरदीप कौर ने उपस्थित महिलाओं को करवा चौथ पर्व की बधाई दी साथ ही उन्हें अपने ससुराल परिवार की भी अपने मायके परिवार की तरह देखभाल करने की प्रेरणा दी । इसके साथ ही ट्रस्ट की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली 21 महिलाओं को फुलकारी और अन्य सन्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।