पंचायती चुनावों में हर जगह हुई धांधली : गुरजीत सिंह औजला
चुनाव आब्जर्वर और डीसी से मुलाकात कर दी लिखित शिकायत
5 Dariya News
अमृतसर 15-Oct-2024
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने आज पंचायती चुनावों में हुई हर जगह की धांधली को लेकर चुनाव आब्जर्वर हरप्रीत सिंह सूदन और डीसी साक्षी साहनी से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पूर्व एमएलए सुनील दत्ती भी मौजूद थे। सांसद औजला ने लिखित में गांवों के नाम के साथ शिकायत दर्ज करवाई और कहा कि अगर कानून के मुताबिक कार्रवाई नहीं हुई तो वह कांग्रेस हाईकमान से मिलकर हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि पंचायती चुनावों में सरेआम धांधली की गई। बहुत से गावों में उनके आदमियों को बूथ से बाहर निकाला गया, लड़ाई झगड़ा किया गया और गोलियां तक चलाई गईं। उसके बाद शाम में जब रिजल्ट का समय आया है तो भी माहौल को जानबूझकर तनावग्रस्त कर दिया गया। जहां उनके समर्थक आगे चल रहे हैं उन्हें तंग परेशान किया जा रहा है और सर्टिफिकेट नहीं दिए जा रहे।
सांसद औजला ने कहा कि संविधान की ओर से लोगों को वोट डालने का हक दिया गया है और सरकारों का फर्ज बनता है कि इस हक की रक्षा करें लेकिन वही सरकारें जब लोगों के हकों को छीन रही है तो फिर लोग आगे चुनावों में इसका जबाव जरुर देंगे। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही उप चुनाव होने वाले हैं और इन्हीं चुनावों में लोगों का गुस्सा राज्य सरकार को सबक सिखाएगा।
सांसद औजला ने इस दौरान श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से विरसा सिंह वल्टोहा के लिए दिए गए आदेशों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो उन्होंने बीजा था अब वही काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब सिखों के सर्वोच्च तख्त हैं और उनके खिलाफ गलत बोलना किसी को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों को इस फैसले से शांति मिली होगी क्योंकि लोग ऐसे इंसानों से लड़ नहीं सकते। उन्होंने कहा वह श्री अकाल तख्त साहिब का बहुत धन्यवाद करते हैं जिन्होंने ऐसा ऐहिताहिक फैसला दिया और उन्हें सजा दी।
सांसद औजला ने इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेता तलबीर सिंह गिल की ओर से पुलिस के साथ की गई बहस और धरने पर जबाव देते हुए कहा कि बेशक नशा इस समय घर घर है लेकिन तलबीर गिल को चाहिए कि उन्हें इसके खिलाफ कानून के तहत आवाज उठानी चाहिए। उनकी सरकार है तो सरकार का ध्यान इस तरफ लेकर जाएं ताकि नशे का खात्मा हो सके।
उन्होंने कहा कि उन्हीं के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने भी कहा था कि अक्तूबर तक नशा खत्म कर देंगे जबकि उन्होंने उसे चैलेंज दिया था कि सिर्फ एक ही जेल से खत्म करके दिखा दें। जो कि नहीं हुआ। इसीलिए तलबीर सिंह गिल को चाहिए कि अगर कोई इंसान दागी तो कानून के तहत उस पर कार्रवाई की जाए उनकी अपनी सरकार है इसीलिए कार्रवाई करें लेकिन सारे समाज पर उंगली ना उठाएं।