भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को धारण करके अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहिए : नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने लाडवा में शोभायात्रा को झंडी दिखाकर किया रवाना
5 Dariya News
कुरुक्षेत्र 12-Oct-2024
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्री राम से प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सभी पर्व हम सबको मिलकर मनाने चाहिए, इससे भाईचारा व प्रेम मजबूत होता है। मुख्यमंत्री जिला कुरुक्षेत्र के लाडवा में विजयदशमी पर्व पर आयोजित शोभायात्रा को झंडी दिखाने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इससे पहले उन्होंने पूजा-अर्चना करते हुए भगवान श्री राम का व लक्ष्मण जी का किरदार निभाने वाले कलाकारों का राजतिलक किया। यह शोभायात्रा संगम मार्किट से होते हुए अग्रसेन चौक व मुख्य मार्गों से होते हुए रामकुंड़ी धर्म स्थान में जाकर संपन्न हुई। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि विजयदशमी पर्व पूरे भारत में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
हमें भगवान श्री राम की शिक्षाओं को अपने जीवन में धारण करके जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ पूर्व शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा मौजूद रहे। इस मौके पर उपायुक्त श्री राजेश जोगपाल, पुलिस अधीक्षक श्री वरुण कालिया, जय भारत कला मंच के पदाधिकारियों के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।