‘खेडां वतन पंजाब दियां’ जिला स्तरीय प्रतियोगिता का सांसद डा. राज कुमार चब्बेवाल ने किया शुभारंभ
कहा, खेलों के विकास के लिए सरकार नहीं छोड़ रही कोई कमी
5 Dariya News
होशियारपुर 16-Sep-2024
‘खेडां वतन पंजाब दियां’ जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ आज सांसद डा. राज कुमार चब्बेवाल ने मल्टीपरपज लाजवंती आउटडोर स्टेडियम होशियारपुर में किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पंजाब की युवा पीढ़ी को खेलों की ओर आकर्षित करना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपने खेल कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।
इस मौके पर जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा भी मौजूद थे। सांसद राजकुमार चब्बेवाल ने इस अवसर पर बताया कि पंजाब सरकार राज्य में खेलों के विकास और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु समर्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार ने खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की ट्रेनिंग से लेकर उनकी ओर से अंतरार्ष्ट्रीय स्तर पर मैडल लाने पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। सांसद ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर जिले में खेल सुविधाएं मुहैया कराई जाएं ताकि अधिक से अधिक युवा खेलों में रुचि लें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन के विकास के लिए भी जरूरी हैं। खेलों से टीम भावना, संघर्ष की शक्ति और आत्मविश्वास जैसे गुणों का विकास होता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक हैं। डा. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 8 लाख रुपए से 15 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है ताकि वे अपने खेल करियर को और आगे बढ़ा सकें।
इसके अलावा हाल ही में ओलंपिक विजेताओं को 9.65 करोड़ रुपए की विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह राशि खिलाड़ियों को न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करती है, बल्कि उन्हें और भी मेहनत करने के लिए प्रेरित करती है। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
सांसद चब्बेवाल ने उन्हें मैडल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी पंजाब के गौरव हैं और उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जिला और गांव स्तर पर खेल स्टेडियमों का निर्माण और आधुनिकीकरण करने की योजना बनाई है।
इन स्टेडियमों में खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधा प्रदान की जाएगी ताकि वे अपनी प्रतिभा को और निखार सकें। सांसद चब्बेवाल ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर जिले में कम से कम एक आधुनिक खेल स्टेडियम हो, जहां विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन हो सके।