5 Dariya News

भारत सरकार की तीन दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का समापन

डिप्टी कमिश्नर समेत कई प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत

5 Dariya News

पटियाला 29-Aug-2024

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ कम्युनिकेशन द्वारा सरकारी महिंद्रा कॉलेज, पटियाला में आयोजित मल्टीमीडिया प्रदर्शनी गुरुवार को संपन्न हुई। इस प्रदर्शनी के दौरान रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें डिप्टी कमिश्नर शौकत अहमद परे समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। 

मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ज़िले के डीसी शौकत अहमद परे ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से उन लोगों तक पहुंच बनाई गयी है, जिन्हें अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आलोचना लोकतंत्र का अहम हिस्सा है, उसी तरह अपने अधिकारों के बारे में जानना भी बेहद जरूरी है। 

उपायुक्त ने कहा कि इस प्रदर्शनी में जहां देश द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई प्रगति की जानकारी दी गयी, वहीं विभिन्न योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।  इस मौके पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, अमृतसर के प्रमुख एवम एफपीओ गुरमीत सिंह ने कहा कि मंत्रालय देश भर में कई जगहों पर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर फोटो प्रदर्शनी और अन्य कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जो आम लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करने के क्रम में एक बड़ा कदम है। 

उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों के सामने वी.आर. टेक्नोलॉजी के जरिए कल्याणकारी योजनाओं को रोचक ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। इस प्रदर्शनी में एपीआरओ हरदीप सिंह विशेष मेहमान के तौर पर उपस्थित हुए, जिन्होंने प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया। 

उन्होंने कहा कि ज़िले के लोग पहले से ही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानते हैं, लेकिन इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराकर अच्छा काम किया गया है। वहीं इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सविंदर सिंह रेखी ने इसे सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद दिया और कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से जो संदेश देने की कोशिश की गई है उसे घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है। 

उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए हर व्यक्ति को ये प्रण लेना होगा कि वे अपने आस-पड़ोस में कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिकतम लोगों से साझा करेंगे। तीन दिनों तक चली इस मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के दौरान पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पर्यावरण इंजीनियर गुरकरन सिंह, प्रिंसिपल अमरजीत सिंह, प्रोफेसर रमनीत कौर, डॉ. मोहम्मद सौहेल, डॉ. परमवीर सिंह, प्रोफेसर राजीव शर्मा और डॉ. राय बहादुर सिंह सहित कई नामचीन हस्तियों ने मंच से संबोधित किया।

इसके अलावा प्रोग्राम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। बहरहाल बड़ी संख्या में लोगों को उपस्थिति के चलते आखिरी दिन मल्टीमीडिया प्रदर्शनी मेले का रूप धारण करती हुई प्रतीत हुई।