‘खेडां वतन पंजाब दीयां- 2024’ की मशाल का होशियारपुर पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
कैबिनेट मंत्री ब्रम शंकर जिंपा, सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल व मेयर सुरिंदर कुमार सहित अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मशाल मार्च में हुए शामिल
5 Dariya News
होशियारपुर 24-Aug-2024
स्वस्थ व रंगले पंजाब की सृजना व प्रदेश को खेल में देश का अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरु की गई ‘खेडां वतन पंजाब दीयां-2024’ सीजन-3 के बारे में जागरुकता पैदा करने के लिए निकाली गई मशाल का आज होशियारपुर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री ब्रम शंकर जिंपा, सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल व मेयर सुरिंदर कुमार सहित अन्य गणमान्य व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की ओर से स्वागत किया गया।
यह मशाल मार्च लाजवंती स्टेडियम, रामगढ़िया चौक, महाराणा प्रताप चौक से होते हुए जालंधर के लिए रवाना कर दी गई। इस मौके पर पद्मश्री प्रेम नाथ डेगरा, अर्जुन अवार्डी सरोज बाला, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी हरमनजोत सिंह खांबड़ा, एशियन मैडलिस्ट प्रदीप डोगरा, एसपी मनोज ठाकुर, एसडीएम संजीव शर्मा, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन सैनी, डिप्टी मेयर रंजीता चौधरी, होशियारपुर सहकारी बैंक के चेयरमैन विक्रम शर्मा भी मौजूद थे।
इस दौरान मशाल मार्च में हिस्सा ले रहे समूह खेल प्रेमियों, खिलाडिय़ों व कोचों का लाजवंती स्टेडियम में स्वागत करते हुए कैबिनेट मंत्री ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से लगातार तीसरी बार करवाई जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दीयां-2024’ प्रदेश में खेल संस्कृति पैदा करने में अपना अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जवानी खेल से जुडक़र नशे से दूर रहेगी व पंजाब एक बार फिर हसदा-वसदा, खेडदा व रंगला पंजाब बन सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ खेल मुकाबलों ने प्रदेश में एक बार फिर खेल का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के नौजवान खेल में बहुत काबलियत रखते हैं, बस उनको सही प्लेटफार्म की जरुरत थी, जो कि मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ के माध्यम से मुहैया करवाया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान निजी तौर पर खेलों को प्रदेश में प्रोत्साहित कर रहे हैं और पंजाब में पहली बार खिलाड़ियों को खेल मुकाबलों की तैयारी के लिए 8 से 15 लाख रुपए तक दिए गए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपयों के नकद ईनाम के साथ-साथ अच्छे सरकारी पदों पर नौकरियां भी दी जा रही है। सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि यह मशाल मार्च नौजवानों को ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ के साथ जोडऩे में सफल होगा।
उन्होंने बताया कि इन खेल मुकाबलों में ब्लाक, जिला व प्रदेश स्तर तक खेल करवाए जाएंगे व खिलाडिय़ों को नकद ईनाम भी दिए जाएंगे। उन्होंने जिले के सभी खिलाडिय़ों को खेडां वतन पंजाब दीयां में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेश के नौजवानों में नई उम्मीद जगाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल पक्षीय माहौल बनाने के लिए खेल नर्सरियां स्थापित की जा रही है और अब तक करीब 1000 खेल नर्सरियों को मंजूरी भी मिल चुकी है।
डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि यह मशाल मार्च आज जालंधर और कपूरथला, शहीद भगत सिंह नगर, 25 अगस्त को रूपनगर, एस.ए.एस. नगर, फतेहगढ़ साहिब, 26 अगस्त को पटियाला, मलेरकोटला, बरनाला, 27 अगस्त को फरीदकोट, फाजिल्का, 28 अगस्त को श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और 29 अगस्त को मानसा और संगरूर पहुंचेगी। 29 अगस्त को संगरूर में खेलों के तीसरे सीजन का उद्घाटन होगा।
उन्होंने बताया कि जिले में 3 सितंबर से 7 सितंबर तक ब्लाक स्तरीय मुकाबले करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ने कहा कि खेल मुकाबलों में रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए पंजाब सरकार की ओर से विशेष पोर्टल Eservices.punjab.gov.in स्थापित किया गया है, जहां खिलाड़ी 28 अगस्त तक अपनी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘खेडा वतन पंजाब दीयां’ के अंतर्गत जिले के अलग-अलग ब्लाकों व जिला स्तर पर खेल मुकाबले होंगे, जिसके बाद प्रदेश स्तरीय मुकाबले करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन खेल मुकाबलों में अंडर 14, अंडर-17, अंडर-21, के अलावा अलग-अलग आयु वर्ग 21-30, 31-40, 41-50, 51-60, 61-70 व 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्ति हिस्सा ले सकते हैं।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा, सहायक डायरेक्टर युवक सेवाएं विभाग प्रीत कोहली, वरिंदर वैद, अमरजीत शर्मा, अजय राणा के अलावा जिले के अधिकारी, खिलाड़ी, कोच और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे।