5 Dariya News

पंजाब के लोग जब नादिर शाह के सामने नहीं झुके तो अमित शाह क्या चीज है - संजय सिंह

भाजपा -आरएसएस के लोग संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहते हैं, संविधान बनने के बाद उन्होंने अंबेडकर के पुतले जलाए थे, आरक्षण का भी इन लोगों ने विरोध किया था - संजय सिंह

5 Dariya News

होशियारपुर 29-May-2024

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को होशियारपुर से आप उम्मीदवार डॉ राजकुमार चब्बेवाल के लिए प्रचार किया। संजय सिंह ने यहां एक जनसभा को संबोधित किया और लोगों से आप उम्मीदवार को जिताने की अपील की। भाषण के दौरान संजय सिंह ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। 

उन्होंने कहा कि अमित पंजाब के लोगों को धमका रहे हैं कि  4 जून को वे पंजाब में आप सरकार को गिरा देंगे और भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद से हटा देंगे। संजय सिंह ने कहा कि अमित शाह को पहले पंजाब का इतिहास पढ़ना चाहिए। पंजाब के लोग जब नादिर शाह के सामने नहीं झुके तो अमित शाह क्या चीज है।

उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के समय नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने पंजाब के किसानों को बहुत दुख पहुंचाया। 750 की जान चली गई। इस चुनाव में आप लोग भाजपा से किसान आंदोलन का बदला ले लो और बुरी तरह हरा दो ताकि उन्हें पंजाब से पंगा लेने का मतलब समझ आ जाए।

संजय सिंह ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि हमने बाइक चोर और सोना चोर के बारे में सुना है, लेकिन बीजेपी अलग तरह का चोर गिरोह है। वह पार्टी चोर है। उसने उद्धव ठाकरे से धनुष-बाण और शरद पवार से घड़ी चुरा ली। अब वे आम आदमी पार्टी से 'झाड़ू' चुराना चाहते हैं। लेकिन यह 'झाड़ू' उनका भूत उतार देगा।

संजय सिंह ने कहा कि भाजपा से देश के संविधान और लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा है। भाजपा और आरएसएस के लोग देश का संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। संविधान बनने के बाद उन्होंने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के पुतले जलाए और कहा कि यह संविधान देश के खिलाफ है। मंडल कमीशन की सिफारिश पर आरक्षण लागू होने के समय भी इन्होंने आरक्षण का बहुत विरोध किया था। भाजपा वाले शुरू से ही आरक्षण और संविधान के विरोधी रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि भाजपा देश में उत्तर कोरिया के किम जोंग उन और रुस के व्लादिमीर पुतिन की तरह भारत में भी तानाशाही सिस्टम लागू करना चाहती है। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में आपने इसका उदाहरण देखा। इसलिए इस बार भाजपा को हराना देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए बहुत जरूरी है।