5 Dariya News

अनिल मसीह की नगर निगम से सदस्यता तत्काल रद्द की जाए : डॉ. आहलूवालिया

आम आदमी पार्टी की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में कैंडल मार्च निकाला गया

5 Dariya News

चंडीगढ़ 08-Feb-2024

30 जनवरी को चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में भाजपा के मनोनीत पार्षद और पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह और पार्षदों द्वारा लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप)  ने आज तीसरे दिन भी चंडीगढ़ के सेक्टर 56, धनास, रामदरबार, सेक्टर 44, सेक्टर 52, इंदिरा कॉलोनी, सेक्टर 42, मनीमाजरा, सेक्टर 47, वार्ड 9 सुंदर नगर, सेक्टर 48 के अलावा शहर के अन्य इलाकों में कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च में सैकड़ों आम लोग शामिल हुए और लोकतंत्र के हत्यारों को सजा देने की मांग की।

सेक्टर 56 में पार्षद मनोवर के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। इस मौके पर बोलते हुए पार्षद मनोवर ने कहा कि जिस तरह 30 जनवरी को चुनाव के दिन भाजपा के नामित पार्षदऔर उनके पार्षदों द्वारा मेयर पद के उम्मीदवार कुलदीप कुमार के 8 वोट  को  पहले रची गई साजिश के तहत खारिज कर किया गया है, उसके लिए शहरवासी भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे और जब तक उन्हें सजा नहीं मिलेगी तब तक चुप नहीं बैठेंगे।

रामदरबार में आप पार्षद नेहा मुसावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कैंडल मार्च में शामिल हुए। इस मौके पर नेहा मुसावत ने कहा कि जब तक लोकतंत्र के गुनहगारों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक चंडीगढ़ की जनता चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि 30 जनवरी को नगर निगम में भाजपा के अनिल मसीह और पार्षदों ने जो काम किया। ऐसा आज तक पूरी दुनिया में कभी नहीं सुना गया, इसलिए उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए।

धनास में निकाले गए कैंडल मार्च का नेतृत्व पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन एवं सह-प्रभारी आप चंडीगढ़ डॉ. एसएस आहलूवालिया एवं आप पार्षद रामचंद्र यादव ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और मांग की कि पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह और साजिशकर्ताओं पर कार्रवाई की जाए। ताकि फिर कभी कोई इस तरह लोकतंत्र की हत्या न कर सके। 

इस मौके पर रामचन्द्र यादव ने कहा कि चुनाव के दिन बीजेपी ने जो काम किया है। वह दिन चंडीगढ़ के इतिहास में काले दिन के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने अनिल मसीह, भाजपा पार्षदों और साजिशकर्ताओं की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।डॉ. एसएस आहलूवालिया ने बोलते हुए कहा कि अनिल मशीह ने भाजपा द्वारा बनाई गई योजना के तहत बैलेट पेपर पर पेन चलाकर कुलदीप कुमार के 8 वोट रद्द कर दिए, जिसका चंडीगढ़ का हर वर्ग विरोध कर रहा है। 

इसे लेकर चंडीगढ़ वासिओं में बहुत ज्यादा रोष है। कैमरे सहित सब कुछ लोगों के सामने आने के बावजूद प्रशासन अभी भी आंखें मूंदकर बैठा है, अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासन को तत्काल अनिल मसीह की नगर निगम से सदस्यता रद्द करनी चाहिए। इस संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय पहले ही सख्त टिप्पणी कर चुका है कि लोकतंत्र की हत्या करने वालों पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए, ताकि दोबारा कोई ऐसा न कर सके।

उन्होंने आगे बताया कि नगर निगम चुनाव में लोकतंत्र की हत्या करने वालों को सजा दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी ने आज पांचवें दिन सेक्टर 17 स्थित नगर निगम कार्यालय के सामने भूख हड़ताल की। आप पार्षद योगेश ढींगरा, रविंदर मेहता, टीसी गोयल, हरप्रीत सिंह और अवतार सिंह आज भूख हड़ताल पर बैठे। इस भूख हड़ताल में आप नेता मीना शर्मा, आभा बंसल, सुखराज संधू, पार्षद प्रेम लता, जसविंदर कौर, सुमन शर्मा, राम चंद्र यादव, कुलदीप कुमार और बड़ी संख्या में वॉलन्टियर भी शामिल हुए।