5 Dariya News

आम आदमी पार्टी ने दूसरे दिन भी चंडीगढ़ नगर निगम के सामने भूख हड़ताल की

पुलिस ने 39 पुलिस स्टेशन में जबरन किया बंद

5 Dariya News

चंडीगढ़ 05-Feb-2024

आम आदमी पार्टी (आप) ने चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी के लिए 30 जनवरी को हुए चुनाव में लोकतंत्र की हत्या और बीजेपी की गुंडागर्दी के खिलाफ सेक्टर 17 में दूसरे दिन भी पार्षद दमनप्रीत सिंह, वरिष्ठ आप नेता मीना शर्मा, सुखराज संधू, मनमोहन पाठक और देसराज सनावर ने चंडीगढ़ नगर निगम के सामने भूख हड़ताल की। 

इस भूख हड़ताल में पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन एवं सह-प्रभारी आप चंडीगढ़ डा. एसएस आहलूवालिया, आप की वरिष्ठ नेता आभा बंसल, विक्रम  पुंधीर,  पार्षद जसवीर सिंह लाडी, प्रेम लता, राम चंद्र यादव, सुमन शर्मा, मनोवर और बड़ी संख्या में वॉलन्टियर भी शामिल हुए।

डा. एसएस आहलूवालिया ने इस मौके पर कहा कि वे लगातार पुलिस प्रशासन से मांग कर रहे हैं। कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के दिन 30 जनवरी को भाजपा द्वारा अपने मनोनीत पार्षद अनिल मसीह (पीठासीन अधिकारी) और पार्षदों के द्वारा आम आदमी पार्टी के मेयर पद के उम्मीदवार कुलदीप कुमार के 8 वोट खारिज किए गए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए उन्होंने पिछले दिनों चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है, इसलिए वे भूख हड़ताल कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि चंडीगढ़ की जनता भाजपा द्वारा की गयी लोकतंत्र की हत्या को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्हें इसकी सज़ा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा पुलिस प्रशासन के माध्यम से उनकी भूख हड़ताल को जबरन खत्म कराया जा रहा है। आज पुलिस ने उनके साथ धक्का मुक्की करने के बाद उन्हें सेक्टर 39 थाने में बंद कर दिया। 

उन्होंने कहा कि जब तक लोकतंत्र के हत्यारों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक यह भूख हड़ताल हर दिन की जायेगी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम में लोकतंत्र की हत्या करने वालों को सजा दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी कल चंडीगढ़ शहर में कैंडल मार्च निकालेगी। उन्होंने शहरवासियों से इस कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की।