'विश्व कैंसर दिवस' पर अरोड़ा की अपील: हमेशा याद रखें कि कैंसर का जल्दी पता लगने पर इसका पूरी तरह से संभव है इलाज
5 Dariya News
लुधियाना 04-Feb-2024
आज 'विश्व कैंसर दिवस' पर सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा ने कहा है कि हालिया आंकड़ों के अनुसार, 2022 में भारत में 1.4 मिलियन नए कैंसर के मामले सामने आए और 9 लाख लोगों की जान चली गई। यहां एक बयान में, उन्होंने कहा कि इस दिन, आइए इस गंभीर चिंता का समाधान करें और प्रभावित लोगों के लिए रोकथाम, उपचार और सहायता बढ़ाने का संकल्प लें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि "हमेशा याद रखें कि कैंसर का शीघ्र पता लगने पर यह पूरी तरह से इलाज योग्य है"। उन्होंने इस संदेश को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पोस्ट किया है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 4 फरवरी को 'विश्व कैंसर दिवस' मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन का आयोजन हमें कैंसर की देखभाल, पहचान, रोकथाम और उपचार में सुधार के लिए कार्यों को मजबूत करने की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि कैंसर कोशिकाओं की एक प्रकार की असामान्य वृद्धि है जो मानव शरीर में अनियंत्रित रूप से विभाजित होती है। यह शरीर के किसी भी अंग या टिश्यू को प्रभावित कर सकता है और शरीर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में फैल सकता है। लेकिन, आजकल यह बीमारी पहली स्टेज में पता चलने पर इलाज योग्य है।
कैंसर रोगियों की मदद के लिए कृष्णा प्राण चैरिटेबल ट्रस्ट चलाने वाले अरोड़ा कैंसर के खिलाफ लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए काफी काम कर रहे हैं। उनके द्वारा चलाई जा रही एनजीओ इस मुद्दे पर मुफ्त चिकित्सा जांच शिविर और सेमिनार आयोजित करती रही है। उनकी एनजीओ कई वर्षों से कई कैंसर रोगियों को जीवन भर मुफ्त इलाज दिलाने में मदद करती है।
अपने माता-पिता की कैंसर से मृत्यु के पश्चात उन्होंने इस एनजीओ की स्थापना की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वह राज्यसभा में भी सस्ती कीमत पर कैंसर की दवाओं की उपलब्धता का मुद्दा उठाते रहे हैं। उनका मानना है कि यह मुद्दा लोगों को प्रभावित कर रहा है क्योंकि देशभर में कैंसर की बीमारी बहुत तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है।