5 Dariya News

उपराज्यपाल ने महात्मा गांधी को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की

एलजी ने गांधी ग्लोबल फैमिली द्वारा आयोजित समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गैर सरकारी संगठनों के परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया

5 Dariya News

जम्मू 30-Jan-2024

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी ग्लोबल फैमिली, जम्मू-कश्मीर द्वारा आयोजित समारोह में भाग लिया और राष्ट्र निर्माण में उनके अनुकरणीय योगदान के लिए स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गैर सरकारी संगठनों के परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया। उपराज्यपाल ने कहा “महात्मा गांधीजी के सिद्धांत एक नए जम्मू कश्मीर को आकार दे रहे हैं, जो तीन दशकों से अधिक समय से हिंसा और आतंकवाद का शिकार रहा है। बापू के आदर्शों पर चलते हुए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर आज शांति, सद्भाव और भाईचारे की भूमि के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है।’’

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के भजन, सत्य, अहिंसा, सादगी और सभी मनुष्यों की समानता का उनका संदेश लोगों में एक नई चेतना पैदा कर रहा है। पूरे केंद्र शासित प्रदेश में बापू के आदर्शों को फैलाने के लिए समर्पित वार्षिक शांति यात्रा लोगों को शांति और एकता के लिए प्रेरित और मार्गदर्शन कर रही है।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी बापू के आत्मनिर्भर गांवों और सशक्त ग्रामीण भारत के सपने को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के हाशिए पर रहने वाले वर्ग का सशक्तिकरण सुनिश्चित किया है।“

उपराज्यपाल ने गांधी ग्लोबल फैमिली जेएंडके, उन सभी संगठनों और व्यक्तियों के प्रयासों की सराहना की जो गांधीवादी मूल्यों को बढ़ावा देने और सत्य और अहिंसा के महान संदेश को फैलाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. एसपी वर्मा अध्यक्ष गांधी ग्लोबल फैमिली जम्मू-कश्मीर, बी.आर शर्मा चुनाव आयुक्त जम्मू-कश्मीर, वरिष्ठ अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक, शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित थे।

इससे पहले, राष्ट्रपिता और भारत की आजादी के संघर्ष में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के सम्मान में नागरिक सचिवालय में दो मिनट का मौन रखा गया।