5 Dariya News

पंजाब को मिलने वाले केन्द्रीय अनुदानों में 61 प्रतिशत की कमी पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर बोला हमला

'आप' पंजाब के प्रवक्ता अहबाब ग्रेवाल ने कहा - केंद्र की भाजपा सरकार विपक्ष शासित राज्यों को आर्थिक रूप से कमजोर कर रही

5 Dariya News

चंडीगढ़ 03-Nov-2023

पंजाब को विभिन्न योजनाओं के तहत केंद्र सरकार से मिलने वाले अनुदानों में करीब 61 प्रतिशत की कमी पर आम आदमी पार्टी(आप) ने पंजाब भाजपा और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। शुक्रवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रवक्ता अहबाब ग्रेवाल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार विपक्ष शासित राज्यों को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहबाब ग्रेवाल के साथ आप नेता जसतेज सिंह और रमन चंदी भी उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की यह नीति है कि जिन राज्यों में वह अपनी सरकार नहीं बना पाते उसे वह आर्थिक रूप से कमजोर करते हैं। पूरे भारत में जहां भी विपक्ष की सरकारें हैं वहां केंद्रीय अनुदानों में काफी कमी आई है। इन तरीकों के माध्यम से मोदी सरकार पंजाब और अन्य विपक्ष शासित राज्यों के विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने केन्द्र सरकार से सवाल करते हुए कहा कि आखिर पंजाब को मिलने वाले केंद्रीय अनुदानों करीब 7500 करोड़ रुपए की कमी क्यों की गई? उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार फंड रोके जाने की वजह बताए और जवाब दे। 

उन्होंने कहा कि पंजाब भारी मात्रा में अनाज उपजाकर वर्षों से पूरे देश का पेट भरता आया है फिर भी केंद्र सरकार हमेशा पंजाब के साथ आर्थिक भेदभाव करती है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अफसोसजनक है। ग्रेवाल ने पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ और राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और राज्यपाल दोनों हमेशा कहते हैं कि हम पंजाब हितैषी हैं, तो क्या अब सुनील जाखड़ और राज्यपाल इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखेंगे और कहेंगे कि अनुदान रुकने से पंजाब के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है, इसलिए पंजाब को अनुदान की पूरी राशि जल्द जारी की जाए?

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चाहे जितना भी फंड रोक ले, लेकिन इससे पंजाब की तरक्की नहीं रूक सकती। मान सरकार पंजाब को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हम पंजाब के लोगों को यकीन दिलाते हैं केन्द्रीय अनुदानों के रुकने से पंजाब की तरक्की में मुख्यमंत्री भगवंत मान कोई बाधा नहीं आने देंगे। उनके प्रयासों की बदौलत आज पंजाब का राजस्व लगातार बढ़ रहा है और इन्वेस्टमेंट भी बढ़ रहा है।