उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नागरिक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की
अधिकारियों को सभी जिलों में ‘मासिक दरबार‘ में भाग लेने का निर्देश दिया
5 Dariya News
श्रीनगर 20-Oct-2023
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नागरिक सचिवालय में नागरिक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।बैठक में मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.के. गोयल, प्रशासनिक सचिव, संभागीय आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
उपराज्यपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों को हल करने, उनके मुद्दों और आवश्यकताओं को समझने के लिए सभी जिलों में ‘मासिक दरबार‘ में भाग लेने का निर्देश दिया ताकि एक ऐसी प्रणाली बनाई जा सके जो समाज के सभी वर्गों के लिए वृद्धि और विकास के प्रचुर अवसर प्रदान करे।
उपराज्यपाल ने कहा, सभी विभागों को बैक टू विलेज-ट की तैयारी शुरू करनी चाहिए और सरकारी पहल के बेहतर परिणाम प्राप्त करने और गांवों को प्रगतिशील और समृद्ध बनाने हेतु पंचायती राज संस्थानों के साथ मिलकर काम करना चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि आर्थिक विकास का लाभ दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचे।कई गैर-तथ्यात्मक समाचारों और मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए, उपराज्यपाल ने सूचना विभाग द्वारा तथ्य-जांच तंत्र के प्रभावी संचालन का निर्देश दिया।