5 Dariya News

परिवर्तन लाना कोई मुश्किल काम नहीं, सही समय पर चश्में का बटन दबा देना आपके ये सारे विरोधी जड़ से खत्म हो जाएंगे: अर्जुन चौटाला

कहा - आज तो आपका दुश्मन भी कमजोर है और लड़ाई भी आसान है

5 Dariya News

यमुनानगर 19-Aug-2023

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ शनिवार को 168वें दिन जिला यमुनानगर के हलका रादौर के गांव खेडी लक्खा सिंह से शुरू हुई और गांव सागडी, टोपरा कलां, गुरूद्वारा चौंक अकबरपुर, ईस्माइलपुर, जगुडी स्कूल चौक, हाफिजपुर दौलतपुर रेतगढ, झिंजरो मोड, हरनौल, मंडेबर, फरकपुर, मण्डेबरी, सुढल व सुढैल और खेडी रांगडान होते हुए गांव सिसौली हीरा फार्म पहुंची। 

परिवर्तन पदयात्रा की अगुवाई कर रहे इनेलो के युवा नेता अर्जुन चौटाला व सुनैना चौटाला का लोगों ने पुष्प वर्षा कर ढोल नगाड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। परिवर्तन यात्रा के गांव हरनौल पहुंचने पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के दौरान जहां भी गए प्रदेश के लोगों की एक ही आवाज है कि वो अबकी बार सत्ता में बदलाव चाहते हैं। 

आज चाहे महिलाएं और युवा हैं, चाहे किसान, कर्मचारी और मजदूर हैं सभी मौजूदा भाजपा-जजपा सरकार से बेहद परेशान हैं। अर्जुन ने सभा में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या सभी लोग परिवर्तन चाहते हो? 

इस पर सभी ने अपने दोनों हाथों को उठा कर उनकी बात का समर्थन किया। अर्जुन ने कहा कि आज के दिन परिवर्तन लाना कोई मुश्किल काम नहीं है। 

पहले का जमाना होता था जब लड़ाई बंदूकों, तलवारों और तोपों से लड़ी जाती थी। आज तो आपका दुश्मन भी कमजोर है और लड़ाई भी आसान है। 

जब लोकसभा और विधानसभा के चुनाव आएं तो चश्मे का बटन दबा देना आपके ये सारे विरोधी जड़ से खत्म हो जाएंगे। अर्जुन चौटाला ने कहा कि चौ. देवी लाल लोगों से हमेशा एक बात कहा करते थे कि मेरे से नाराज हो जाओ कोई बात नहीं लेकिन इन कच्छेधारियों पर कभी भरोसा मत करना और इनसे बच के रहना क्योंकि इनके घर में ना बहू है और न गऊ है। 

आज ऐसे लोग हरियाणा प्रदेश पर राज कर रहे हैं जिनका समाज और घर-गृहस्थी से कोई लेना देना नहीं है।