5 Dariya News

भाजपा के राज में हरियाणा प्रदेश की बहुत दुर्गति हो चुकी है इसलिए परिवर्तन लाना जरूरी है : अर्जुन चौटाला

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ वीरवार को जिला यमुनानगर के हलका रादौर के गांव राव से शुरू हुई और गांव गुमथला, संधाला, संधाली, लाल छप्पर, एम.टी.करेडा, जठलाना, बिहारी चौंक, खजुरी और खुर्दी होते हुए गांव दामला पहुंची

5 Dariya News

यमुनानगर 17-Aug-2023

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ वीरवार को 166वें दिन जिला यमुनानगर के हलका रादौर के गांव राव से शुरू हुई और गांव गुमथला, संधाला, संधाली, लाल छप्पर, एम.टी.करेडा, जठलाना, बिहारी चौंक, खजुरी और खुर्दी होते हुए गांव दामला पहुंची। इनेलो के युवा नेता अर्जुन चौटाला का लोगों ने पुष्प वर्षा कर ढोल नगाड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। परिवर्तन पदयात्रा जब हलका रादौर के गांव जठलाना में पहुंची तो लोगों का जुनून देखने लायक था। यहां एक जनसभा का आयोजन किया गया था। 

इस दौरान भारी संख्या में जुटी भीड़ ने रैली का रूप ले लिया जहां अर्जुन चौटाला ने लोगों से पूछा कि क्या आप लोग इस भाजपा गठबंधन सरकार से खुश हो? इस पर लोगों ने एक सुर में कहा कि इनसे कोई भी खुश नहीं है। अर्जुन चौटाला ने कहा कि आज भाजपा के राज में हरियाणा प्रदेश की बहुत दुर्गति हो चुकी है इसलिए परिवर्तन लाना जरूरी है। सभा में मौजूद सभी लोगों ने अपने दोनों हाथ ऊपर उठा कर अर्जुन चौटाला की बातों का समर्थन किया।

अर्जुन चौटाला ने कहा कि आज किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, बुजुर्ग और महिलाओं समेत सभी वर्ग भाजपा-जजपा सरकार से बेहद परेशान हैं। और इनमे से भी जो सबसे ज्यादा परेशान है वो प्रदेश का युवा है जो भाजपा गठबंधन सरकार की गलत नीतियों के कारण बेरोजगारी का दंश झेल रहा है। आज हरियाणा प्रदेश बेरोजगारी में पूरे देश में सबसे ऊपर है। 

बेरोजगारी के कारण युवा नशे का शिकार हो रहे हैं और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो रहे हैं जिससे लगातार अपराध बढ़ रहा है, जो बहुत बड़ी चिंता का कारण है। सरकारी नौकरी देने के नाम पर भाजपा-जजपा सरकार युवाओं के साथ धोखा कर रही है। चाहे सीईटी हो या एचटेट उनके या तो पेपर कैंसिल हो जाते हैं या फिर पेपर लीक कर दिए जाते हैं। पढ़े-लिखे युवा नौकरियां न मिलने के कारण बेहद चिंतित है और जमीन जायदाद बेच कर विदेशों की तरफ रुख कर रहे हैं। 

इनेलो पार्टी युवाओं का दर्द समझती है इसलिए इनेलो सुप्रीमो चौ. ओम प्रकाश चौटाला ने यह निर्णय लिया है कि इनेलो की सरकार बनने पर हर घर से एक पढ़े-लिखे युवा को सरकारी नौकरी देंगे और जब तक नौकरी नहीं मिलती तब तक 21000 रूपए बेरोजगारी भत्ता देंगे। वहीं महिलाओं के लिए हर गांव में एक सत्संग भवन बनाएंगे।