5 Dariya News

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोनमर्ग में ‘गोल्डन ग्लोरी इको पार्क‘ का उद्घाटन किया

स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

5 Dariya News

गांदरबल 14-Aug-2023

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोनमर्ग का दौरा किया और ‘गोल्डन ग्लोरी इको पार्क‘ लोगों को समर्पित किया। उन्होंने ‘मेरी माटी मेरा देश‘ कार्यक्रम में भाग लिया और मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उपराज्यपाल ने प्रगतिशील और समृद्ध समाज के निर्माण में जम्मू कश्मीर की प्रमुख हस्तियों के योगदान को याद किया।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘मेरी माटी मेरा देश‘ समाज के लिए अपने बेटों और बेटियों को श्रद्धांजलि देने का एक शानदार अवसर है, जो विभिन्न क्षेत्रों में शिखर तक पहुंचने में सफल रहे और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपराज्यपाल ने पूरे यूटी में शांति बनाए रखने और आर्थिक और विकास गतिविधियों में तेजी लाने के लिए प्रशासन के प्रयासों को साझा किया।

उन्होंने कहा “हम जम्मू-कश्मीर में व्यापार, निवेश और आर्थिक माहौल बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। अत्याधुनिक राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों और ग्राम-स्तरीय महिला नेतृत्व वाले उद्योगों ने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।” उन्होंने कहा कि आज उद्घाटन किया गया इको पार्क जिले में प्रमुख पर्यटक आकर्षण को बढ़ाएगा।

सोनमर्ग में उपराज्यपाल ने लोगों को पंच प्रण प्रतिज्ञा दिलाई और देश और केंद्रशासित प्रदेश को शांति और विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए एकजुट प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने कहा, हमें अपनी युवा पीढ़ी के उत्साह, साहस और आकांक्षाओं को कार्यों में बदलने के लिए कुछ लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए।

उपराज्यपाल ने श्री अमरनाथ जी यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने में गांदरबल के लोगों के सहयोग की भी सराहना की। इस अवसर पर, उपराज्यपाल ने गांदरबल में आयुष भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों के माध्यम से व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के तहत यूनिवर्सल एनसीडी स्क्रीनिंग का ई-उद्घाटन किया। 

उन्होंने गांदरबल क्रॉनिकल्स पत्रिका भी लॉन्च की और सखी क्लब के सदस्यों के बीच किट वितरित किए। इस अवसर पर डीडीसी अध्यक्ष गांदरबल सुश्री नुजहत इशफाक, डीआइजी सुजीत कुमार, गांदरबल के उपायुक्त श्यामबीर और नागरिक, पुलिस प्रशासन और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रमुख नागरिक और युवा उपस्थित थे।