5 Dariya News

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ शुक्रवार को जिला करनाल के गगसीना से शुरू हुई और कुरलन होते हुए सालवन पहुंची

भाजपा का एक ही मकसद है लोगों में भय का माहौल बना कर रखना और भ्रष्टाचार करके जमकर लूटना: अभय सिंह चौटाला

5 Dariya News

पानीपत 04-Aug-2023

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ शुक्रवार को 153वें दिन जिला करनाल के हलका असंध के गगसीना से शुरू हुई और मुनक, बालपबाना, बल्ला, मानपुरा और कुरलन होते हुए सालवन पहुंची। इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला का गांव वासियों ने ढोल नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। 

इनेलो नेता ने गांव वासियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं के बारे में जाना और उन्हे भरोसा दिलाया कि इनेलो की सरकार बनने पर सभी समस्याओं का निवारण किया जाएगा। अपने संबोधन में अभय ने कहा कि प्रदेश में भय और भ्रष्टाचार की सरकार है। 

भाजपा का एक ही मकसद है, लोगों में भय का माहौल बना कर रखना और भ्रष्टाचार करके जमकर लूटना। आज प्रदेश के हालात बेहद खराब हो चुके हैं, कानून-व्यवस्था का बुरी तरह से दिवालिया पिट चुका है। 

मुख्यमंत्री ने नूंह हिंसा पर बहुत ही बचकाना बयान दिया है जिसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि उनका काम हर किसी की सुरक्षा करना नहीं है, प्रदेश का हर व्यक्ति अपनी सुरक्षा स्वयं करे। 

उनसे कोई यह पूछे कि अगर प्रदेश की सरकार लोगों की सुरक्षा नहीं करेगी तो फिर लोग सुरक्षित कैसे होंगे? हमारे प्रदेश में नए उद्योग कैसे लगेंगे? बाहर के लोग हमारे प्रदेश में आकर कारोबार कैसे करेंगे? 

मुख्यमंत्री स्वयं 500-500 गनमैन लेकर चलते हैं और खुद की सुरक्षा में सारा प्रदेश लगा रखा है और जब लोगों की जानमाल की सुरक्षा की बात आती है तो कहते हैं कि अपनी हिफाजत खुद करो। जब प्रदेश का मुखिया ऐसी बात कहेगा तो जनमानस के मन में भय का माहौल पैदा होगा। 

कुल मिलाकर भाजपा सरकार ने प्रदेश को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। ऐसे में जो मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगों की सुरक्षा नहीं कर सकता उसे एक पल के  लिए भी इस पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं हैं।

इनेलो नेता ने कहा कि जहां भाजपा गठबंधन सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, लूट, भ्रष्टाचार, घोटालों और लचर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश की जनता बुरी तरह से त्रस्त हैं और आने वाले चुनावों में भाजपा गठबंधन को सत्ता से उखाड़ फैंकेगी वहीं लोगों को दिखाई दे रहा है कि कांगे्रस में भारी गुटबाजी है और उनकी यह लड़ाई अब सडक़ों पर आ चुकी है। 

सभा में उपस्थित लोगों ने अभय की बात का हाथ उठाकर समर्थन किया और भविष्य में इनेलो का साथ देने और भाजपा और कांग्रेस को वोट न देने का निर्णय लिया।