5 Dariya News

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ बुधवार को जिला पानीपत के गांजबड से शुरू हुई और जिला करनाल के गांव कोण्ड, गडी मुल्तान होते हुए कैमला पहुंची

भाजपा गठबंधन सरकार ने चुनावों में लोगों से वादे तो बहुत बड़े किए, लेकिन मिला सिर्फ धोखा: कर्ण चौटाला

5 Dariya News

पानीपत 02-Aug-2023

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ बुधवार को 151वें दिन जिला पानीपत के हलका पानीपत ग्रामीण के गांजबड से शुरू हुई और जिला करनाल के हलका घरौंडा के गांव कोण्ड, गडी मुल्तान होते हुए कैमला पहुंची। महाभारत के कर्ण की धरती पर कर्ण चौटाला का गांव वासियों ने ढोल नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। 

कर्ण चौटाला ने गांव वासियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं के बारे में जाना और उन्हे भरोसा दिलाया कि इनेलो की सरकार बनने पर सभी समस्याओं का निवारण किया जाएगा। गांव कैमला में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने अन्य दलों को छोडक़र इनेलो में अपनी आस्था व्यक्त की। 

यहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए कर्ण चौटाला ने कहा कि कैमला गांव के लोगों की किसान आंदोलन में भूमिका बेहद सराहनीय रही। किसान आंदोलन के दौरान गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री के हैलिकॉप्टर को गांव में उतरने नहीं दिया जिससे प्रधानमंत्री तक एक संदेश गया कि किसान अपनी मांगों को मनवाए बगैर परछे हटने वाले नहीं हैं। 

भाजपा की निकम्मी और नकारा सरकार से किसान, कमेरा, व्यापारी कर्मचारी समेत सभी वर्ग परेशान हैं। खासतौर से युवा पीढ़ी भाजपा सरकार से बेहद परेशान है जो बेरोजगारी की मार झेल रहा है। 

भाजपा गठबंधन सरकार ने चुनावों में लोगों से वादे तो बहुत बड़े किए लेकिन मिला क्या सिर्फ धोखा। उन्होंने कहा कि भोली भाली जनता को धर्म और जाति के आधार पर लड़ाना ही भाजपा का एकमात्र ध्येय है। 

नूंह में करवाई गई हिंसा इसका ताजा उदाहरण है। कर्ण ने कहा कि प्रदेश की जनता को बधाई देता हूं कि पूरे प्रदेश के लोगों ने इस हिंसा का विरोध किया और भाईचारे को कायम रखके भाजपा के गंदे मंसूबों पर पानी फेर दिया। 

उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव आते हैं तो हम अपने छोटे मोटे आपसी मतभेद देखने लगते हैं जिसका भाजपा राजनीतिक फायदा उठाती है। हमारे एक गलत फैसले से सभी को बहुत बड़ा नुकसान होता है और पांच साल हमें पछताना पड़ता है। 

उन्होंने कहा कि अबकी बार आपसी मतभेद खत्म करते हुए इनेलो की सरकार बनाएं ताकि चौ. देवीलाल नीतियों की सरकार प्रदेश में बने और किसान, कमेरे समेत सभी वर्गों की भलाई के लिए काम किए जा सकें। सभा में उपस्थित लोगों ने कर्ण चौटाला की बात का दोनों हाथों को उठाकर समर्थन किया और भविष्य में इनेलो का साथ देने और भाजपा और कांग्रेस को वोट न देने का निर्णय लिया।