5 Dariya News

सांसद संजीव अरोड़ा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात

बद्दोवाल छावनी के आसपास की जमीन पर भी की गई चर्चा

5 Dariya News

नई दिल्ली 25-Jul-2023

लुधियाना से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा, जो इस समय दिल्ली में चल रहे राज्यसभा के मानसून सत्र में भाग ले रहे हैं, ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। अरोड़ा ने यह जानकारी देते हुए कहा, ''यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी जिसमें पंजाब से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।'' 

उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री ने बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह मुलाकात पंजाब के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।  उन्होंने कहा कि सभी मुद्दों पर बहुत सौहार्दपूर्ण ढंग से चर्चा हुई।

अरोड़ा ने लुधियाना के बद्दोवाल क्षेत्र में रक्षा कार्य अधिनियम 1903 के तहत रक्षा प्रतिष्ठानों के आसपास निर्माण पर प्रतिबंध के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने इस संबंध में रक्षा मंत्री को एक पत्र भी सौंपा, जिसमें कहा गया कि वह लुधियाना के बद्दोवाल क्षेत्र में प्रतिबंधों से प्रभावित किसानों और भूमि मालिकों की दुर्दशा को उनके ध्यान में लाना चाहते हैं।

उन्होंने बताया कि रक्षा कार्य अधिनियम 1903 के तहत अधिसूचना के अनुसार रक्षा प्रतिष्ठानों के आसपास 500 से 2000 गज की दूरी के भीतर निर्माण पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, बाहरी सीमा से 1000 गज के भीतर निर्माण पर प्रतिबंध है। उन्होंने 18 मई, 2011 के भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के पत्र के माध्यम से रक्षा कार्य अधिनियम 1903 को पब्लिक-फ्रेंडली बनाने के लिए इसमें संशोधन और रक्षा प्रतिष्ठान के पास निर्माण गतिविधियों की अनुमति देने के लिए जारी किये गए कुछ दिशानिर्देशों के संबंध में चर्चा की।

अरोड़ा ने बताया कि मौजूदा प्रतिबंधों के कारण बहुत से किसान भूमि का उपयोग नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी वास्तविक और जरूरी मुद्दे हैं जो बद्दोवाल क्षेत्र के हजारों लोगों की आजीविका और कल्याण को प्रभावित करते हैं। 

उन्होंने रक्षा मंत्री से इनका समाधान करने और प्रभावित आबादी के लिए न्याय सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया। अरोड़ा ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें बहुत धैर्यपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि सरकार इन मुद्दों के समाधान के लिए एक राष्ट्रव्यापी नीति बनाने पर विचार कर रही है। 

उन्होंने ये भी कहा कि जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा।  अरोड़ा ने कहा, रक्षा मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि बद्दोवाल क्षेत्र को भी इस राष्ट्रीय नीति में शामिल किया जाएगा।