5 Dariya News

पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए डॉ. ओबेरॉय का बड़ा ऐलान बाढ़ के कारण टूटे जरूरतमंद लोगों के लिए नए घर बनाएँगे हम : डॉ. ओबेरॉय

ट्रस्ट ने अब तक किया प्रभावित क्षेत्रों में मवेशियों के लिए लगभग 250 टन मक्की के अचार सहित सूखा और तैयार राशन वितरित

5 Dariya News

अमृतसर 17-Jul-2023

दुबई के प्रमुख व्यवसाई और सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रमुख डॉ. एस.पी. सिंह ओबेरॉय ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के उन जरूरतमंद लोगों के लिए घर बनाने की घोषणा की है, जिनके घर बाढ़ के पानी के कारण ढह गए हैं। इस संबंध में जानकारी साँझी करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. एस.पी. सिंह ओबराय ने कहा कि बाढ़ से उत्पन्न भयावह स्थिति के दौरान देखा गया है कि कुछ लोगों के घर पानी भर जाने के कारण या तो ढह गए हैं या रहने लायक नहीं बचे हैं। 

इस लिए सरबत डा भला चैरिटेबल ट्रस्ट ने यह निर्णय लिया है कि वह जल्द ही ऐसे जरूरतमंद लोगों के लिए नए घर बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में ट्रस्ट की बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से संबंधित ज़िला इकाइयों को प्रभावित जरूरतमंद लोगों की सूची बनाकर उन तक पहुंचाने के निर्देश जारी कर दिये गए हैं ताकि स्तिथि के संतुलित होते ही जल्द से जल्द मकान बनाने का काम शुरू किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस कार्य के लिए ट्रस्ट एक अलग विशेष समिति बनाएगा, जो गहन जांच के बाद वास्तविक जरूरतमंद लोगों का चयन करेगी जिन्हें मकान दिए जाएंगे। 

डॉ. ओबेरॉय ने यह भी कहा कि ट्रस्ट ने पिछले कई दिनों से सरकारी प्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रभावित जिलों के नागरिक और पुलिस प्रशासन और रेड क्रॉस सोसाईटियों की माँग के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में पशुधन के लिए लगभग 250 टन मक्की के अचार के अलावा सूखे एवं तैयार राशन सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का बड़े पैमाने पर वितरण किया है, तथा प्रशासन की ओर से आ रही अन्य माँगों को देखते हुए ये सेवा गतिविधियां लगातार जारी हैं।