5 Dariya News

छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी ने फूंका चुनावी बिगुल, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने बिलासपुर में की रैली

पंजाब और दिल्ली में तेजी से हो रहा विकास, दोनों राज्यों के लोगों को मिल रही अनेक सरकारी सुविधाएं : भगवंत मान

5 Dariya News

बिलासपुर (छत्तीसगढ़) 02-Jul-2023

छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी ने अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है। रविवार को 'आप' संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बिलासपुर पहुंचे और एक विशाल रैली को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि भाजपा व कांग्रेस से लोग परेशान हो चुके हैं। 

दोनों ने मिलकर छत्तीसगढ़ को लूटा है। 

इसीलिए आज आम आदमी पार्टी की रैली में इतनी भीड़ इकट्ठी हुई है। अगर भाजपा कांग्रेस वाले यहां ईमानदारी पूर्वक काम किए होते तो हमारी सभा में इतने लोग नहीं आए होते। दोनों पार्टियों से राज्य के लोग बेहद नाखुश हैं। वहीं दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार है और आम आदमी पार्टी से लोग इतने खुश है कि भाजपा कांग्रेस की रैलियों में लोग ही नहीं आते।

उन्होंने कहा कि आज भारत में छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता है। पहले दिल्ली भी भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता था लेकिन हमारी पार्टी की सरकार बनने के बाद अब दिल्ली अच्छे सरकारी स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों के लिए जाना जाता है। लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की तारीफ की और कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार किए। 

केजरीवाल ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को वर्ल्ड क्लास बना दिया। अब दिल्ली के अभिभावक प्राइवेट स्कूलों से अपने बच्चों के नाम कटवा कर सरकारी स्कूलों में डाल रहे हैं। वहीं भाजपा कांग्रेस की सरकारें आम आदमी के बच्चों को पढ़ने से रोकने की कोशिश करती है। दिल्ली में केजरीवाल ने स्वास्थ व्यवस्था का भी कायाकल्प कर दिया। अब दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में बुखार से लेकर लाखों रुपए तक के इलाज मुफ्त में होते हैं। 

दिल्ली के लोगों को इलाज़ कराने के लिए अब पैसे की कोई जरुरत नहीं पड़ती। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अरविंद केजरीवाल की नियत साफ है और पढ़े-लिखे नेता है। मान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अरविंद केजरीवाल पर फ्री की रेवड़ी बांटने का आरोप लगाते हैं। जबकि हकीकत यह है कि हमारी सरकार जो पैसे जनता से टैक्स के रूप में वसूलती हैं, उसे मुफ्त बिजली, पानी और मुफ्त इलाज के माध्यम से वापस दे देती है। 

आप सरकार द्वारा गरीबों को मुफ्त सुविधाएं देना प्रधानमंत्री मोदी से बर्दाश्त नहीं हो रहा है। मान ने कहा कि मोदी सरकार देश की सरकारी कंपनियों को बेच रही है क्योंकि उनसे देश की अर्थव्यवस्था संभल नहीं रही है। वहीं पंजाब में हमारी सरकार कंपनियां खरीद रही है। कल ही हमने पंजाब के लोगों को मुफ्त और 24 घंटे बिजली मुहैया कराने के वास्ते एक निजी थर्मल पावर प्लांट खरीदने का फैसला किया है।