5 Dariya News

परिवर्तन पदयात्रा के प्रति लगातार लोगों के बढ़ते समर्थन से भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां बेहद घबराई हुई हैं: अभय सिंह चौटाला

कहा - परिवर्तन पदयात्रा के कारण ही प्रदेश में चुनावी माहौल बना है और इसे लेकर अन्य सभी राजनीतिक दलों में बेचैनी बढऩे लगी है

5 Dariya News

सिरसा 24-Jun-2023

इनेलो की हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा हर दिन प्रदेश की राजनीति में एक नया अध्याय लिखते हुए नजर आ रही है और इसी की बानगी है कि इस यात्रा के प्रति लोगों के बढ़ते समर्थन को देखते हुए साफ कहा जा सकता है कि प्रदेश की अगली सरकार इनेलो की ही होगी।

इसके अलावा एक बड़ा तथ्य ये भी है कि इसी पदयात्रा के कारण ही प्रदेश में चुनावी माहौल बना है और इसे लेकर अन्य सभी राजनीतिक दलों में बेचैनी बढऩे लगी है। उनकी यह पदयात्रा गांव दड़बी से शुरू हुई और भरोखां, बरुवाली, संघर साधा व ढाणी रामपुरा की ओर प्रस्थान कर कई। 

हजारों लोगों के विशाल काफिले और युवाओं द्वारा किए जा रहे जयघोषों के बीच अभय सिंह चौटाला इस चिलचिलाती धूप की परवाह किए बगैर जब आगे बढ़े तो महिलाओं ने भी मंगल गीत गाकर उनका उत्साहवर्धन किया। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि परिवर्तन पदयात्रा के प्रति लगातार लोगों के बढ़ते समर्थन को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां बेहद घबराई हुई हैं। 

उन्होंने कहा कि परिवर्तन पदयात्रा से घबरा कर भाजपा ने जनसंवाद शुरू किया जो की फेल साबित हुआ है और कांग्रेस भी हाथ पैर मारने में लगी है लेकिन एसी कमरों में बैठ कर राजनीति करने वाली कांग्रेस आम लोगों से बहुत दूर है। 113 दिन, 54 विधानसभा क्षेत्रों, 13 जिलों और करीब 2300 कि.मी. की यात्रा करने के दौरान धरातल पर भाजपा और कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं दी।

इनेलो नेता ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भाजपा का गठबंधन हैं और ये सभी मिले हुए हैं। इसका जीता जागता उदाहरण सभी के सामने है। भूपेंद्र हुड्डा पर भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर सीबीआई द्वारा कई केस दर्ज हैं। 

हमने हुड्डा के काले कारनामों और घोटालों की 400 पेज की चार्जशीट भाजपा सरकार को सौंपी थी। जिस तरह के केस भूपेंद्र हुड्डा पर दर्ज हैं उसकी जांच अगर सही तरीके और तय समय से हो जाती तो आज हुड्डा जेल में होते लेकिन आज आठ साल से ज्यादा का समय हो गया भूपेंद्र हुड्डा पर भाजपा सरकार ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

अभय चौटाला ने कहा कि वर्तमान में हर वर्ग इन सभी पार्टियों से आहत है और यही वजह है कि अब धरातल पर भाजपा और कांग्रेस का नामों निशान नहीं हैं और इन पार्टियों के लोग सिर्फ अखबारों में ही बने हुए हैं। चौटाला ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस झूठा प्रचार करने में माहिर है और अपने शासनकाल में घोटाले और भ्रष्टाचार करके लूटे गए रुपयों से भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां अपना झूठा प्रचार कर रही हैं। 

पिछले अठारह साल में कांग्रेस और भाजपा गठबंधन ने हरियाणा प्रदेश को इतना लूटा है जितना गजनी ने सोमनाथ का मंदिर भी नहीं लूटा था। अभय ने कहा कि देश और प्रदेश में हालात इस कदर बिगड़े हुए हैं कि हर गरीब आदमी अपने हक अधिकार को लेकर त्रस्त है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लाखों कर्मचारी ओपीएस वन पैंशन स्कीम को लेकर साइकल यात्रा पर हैं और सरकार इनकी सुनवाई नहीं कर रही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इनेलो की सरकार आने पर प्रदेश में ओपीएस लागू की जाएगी।