5 Dariya News

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री अमरनाथ जी यात्रा की तैयारियों की समीक्षा हेतु उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की

5 Dariya News

श्रीनगर 19-Jun-2023

श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए विभागों और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों का जायजा लेने हेतु उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रधान सचिव, जल शक्ति विभाग शालीन काबरा,  सीईओ श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड डॉ. मनदीप कुमार भंडारी,  जीओसी 15 कॉर्प्स लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, संभागीय आयुक्त कश्मीर विजय कुमार बिधूड़ी, एसएएसबी, बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

उपराज्यपाल ने बीआरओ द्वारा यात्रा ट्रैक के उन्नयन कार्य, सभी संवेदनशील हिस्सों पर सुरक्षा रेलिंग लगाने, बर्फ की निकासी, सेना के टेंट लगाने और दूरसंचार संपर्क को मजबूत करने के कार्यों का मूल्यांकन किया। उपराज्यपाल ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को नेटवर्क कनेक्टिविटी और यात्रा मार्ग के साथ बैंडविड्थ बढ़ाने का निर्देश दिया। उपराज्यपाल ने सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा किए गए कार्यों का भी जायजा लिया। 

उपराज्यपाल ने यात्रा शुरू होने से पहले सभी संबंधित कार्यों को पूरा करने हेतु उच्च संसाधन जुटाने और जनशक्ति बढ़ाने का निर्देश दिया। बैठक में सचिव योजना, विकास और निगरानी विभाग डॉ. राघव लैंगर, उपायुक्त अनंतनाग सईद फखरुद्दीन हामिद,  उपायुक्त गांदरबल श्यामबीर और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।