5 Dariya News

भ्रष्टाचार की जो समस्या राजस्थान में अभी है, वह सवा साल पहले पंजाब में भी थी, लेकिन हमने कंट्रोल कर लिया, यहां भी सरकार बनने पर जड़ से भ्रष्टाचार खत्म करेंगे - सीएम भगवंत मान

राजस्थान में 50 साल कांग्रेस ने और 18 साल बीजेपी ने राज किया, लेकिन दोनों पार्टियों ने कोई काम नहीं किया, दोनों ने मिलकर राजस्थान को सिर्फ लूटा - अरविंद केजरीवाल

5 Dariya News

राजस्थान 18-Jun-2023

राजस्थान के गंगानगर में रविवार को आम आदमी पार्टी की एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भ्रष्टाचार की जो समस्या राजस्थान में अभी है, वह सवा साल पहले पंजाब में भी थी, लेकिन हमने वहां कंट्रोल कर लिया। यहां भी सरकार बनने पर हम भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे।

उन्होंने कहा कि पंजाब में हमने भ्रष्टाचार पर कानून बनाकर कई बड़े-बड़े पूर्व मंत्रियों को जेल भेज दिया। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर यहां भी सभी भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करेंगे। अभी यहां भ्रष्टाचारी बेखौफ बाहर घूम रहे हैं।मान ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आम आदमी पार्टी की इस रैली को फेल करने की काफी कोशिश की। उन्होंने हमें काले झंडे दिखाने के लिए भाड़े पर लोग भेजें। लेकिन हम काले झंडे दिखाने से रुकने वाले नहीं हैं। हम और तेजी से आगे बढ़ेंगे।

मान ने कहा कि राजस्थान की सबसे बड़ी समस्या पानी की है। हम इस पर खुलकर बात करना चाहते हैं। पंजाब के मलोट और गिद्दड़बाहा के इलाके से राजस्थान को 18000 क्यूसेक लीटर पानी आता है। लेकिन गहलोत सरकार ने उस नहर को रिपेयर करने के लिए इस मई-जून महीने में उसकी बंदी ले ली जबकि मैंने कहा था कि अक्टूबर-नवंबर में बंदी लेना क्योंकि अभी तो पानी की जरूरत है। पर वह नहीं माने। 

उन्होंने कहा कि पहले बुड्ढा नाला से जो गंदा पानी पंजाब से राजस्थान आता था, अब वह पूरा साफ आया करेगा। हमने बुड्ढा नाला के पानी को पूरी तरह साफ करने के लिए 600 करोड़ रूपये का प्रोजेक्ट तैयार किया है और संत बलबीर सिंह सीचेवाल को उसका इंचार्ज बनाया है।पानी के मुद्दे पर मान ने अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल पर हमला बोला और कहा कि बिसलेरी का पानी पीने वालों को नदियों-नहरों के पानी से कोई मतलब नहीं होता। 

प्रकाश सिंह बादल अपने बेटे सुखबीर बादल को पंजाब के सर पर बिठा गए हैं। वहीं आम आदमी पार्टी अपने परिवार और रिश्तेदारों को मौका देने के बजाय आम लोगों को मौका देती है। आम घरों के लोगों को विधायक, सांसद और मंत्री बनाती है। राजस्थान में भी आम लोगों को ही आम आदमी पार्टी विधायक का टिकट देगी।

हम बोलते नहीं, काम करके दिखाते हैं, हमारी जहां भी सरकार होती है हमारा काम बोलता है - केजरीवाल

रैली को संबोधित करते हुए 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा-कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि राजस्थान में 50 साल कांग्रेस ने और 18 साल बीजेपी ने राज किया, लेकिन दोनों पार्टियों ने कोई अच्छा काम नहीं किया। दोनों ने मिलकर राजस्थान  को सिर्फ लूटा है।उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियों की तरह हम बोलते नहीं है। हम लोगों को काम करके दिखाते हैं। 

हमारी जिस राज्य में भी सरकार होती है, हमारा काम बोलता है। पंजाब में हमने मोहल्ला क्लीनिक बना दिए। स्कूल अच्छे बना रहे हैं। बिजली फ्री कर दिए। राजस्थान में भी सरकार बनने पर हम स्कूल-कॉलेज और अस्पतालों को बेहतर बनाएंगे। यहां भी लोगों को मुफ्त बिजली देंगे।उन्होंने कहा कि राजस्थान में 18 लाख रजिस्टर्ड बेरोजगार है। 

मेरे हिसाब से 50 लाख है। पंजाब में मान सरकार ने मात्र एक साल में 30,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी है और करीब 3 लाख को प्राइवेट नौकरी दी। दिल्ली में हमने 12 लाख युवाओं को रोजगार दिया। हमें रोजगार देना आता है। हमें वोट दो, हम यहां भी बेरोजगार युवाओं को रोजगार देंगे। इसके अलावा हम राजस्थान के गांव-गांव में मोहल्ला क्लीनिक बनाएंगे और सभी सरकारी अस्पतालों को अच्छा बनाएंगे।