5 Dariya News

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ मंगलवार को 96वें दिन जिला फतेहाबाद में पहुंची

आज देश और प्रदेश विकास से हटकर विनाश के पथ पर आ गए हैं: चौ. ओमप्रकाश चौटाला

5 Dariya News

हिसार/फतेहाबाद 06-Jun-2023

इनेलो सुप्रीमो एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आज देश और प्रदेश विकास की डगर से हटकर विनाश के पथ पर है। भाजपा की सरकारों ने झूठ फरेब की राजनीति को अंजाम देते हुए सभी वर्गों को बर्बादी की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है मगर अब देश और प्रदेश के पास पुन: बदलाव का अवसर आ रहा है। बदलाव की इसी लड़ाई को लेकर इनेलो हरियाणा में परिवर्तन पदयात्रा निकाल रही है। 

यह यात्रा तभी सार्थक रूप लेगी जब हर व्यक्ति एक संकल्प के साथ इनेलो का समर्थन करे। वे मंगलवार को हिसार और फतेहाबाद जिले के गांवों में आयोजित सभाओं को संबोधित कर रहे थे। 

अहम बात ये है कि जब पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला लोगों के बीच पहुंचे तो लोगों ने बड़े उत्साह के साथ नारे लगाते हुए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि वर्तमान हुक्मरानों ने सत्ता के मायने ही बदल दिए हैं जबकि चौ. देवी लाल कहा करते थे कि सत्ता जनसेवा का माध्यम है मगर इन लोगों ने झूठ और फरेब की राजनीति को अंजाम देते हुए आमजन के लिए मुसीबतें खड़ी कर दी हैं। 

हरियाणा में गठबंधन सरकार ने लूट खसोट का घिनौना खेल खेला है जिससे हर वर्ग त्रस्त है। लोग अब चुनावों का इंतजार कर रहे हैं और निश्चित तौर पर इस भाजपा गठबंधन सरकार का सफाया तय है क्योंकि इन लोगों की कथनी और करनी दोनों जनता के सामने आ गई है। 

झूठ की बुनियाद लंबी नहीं होती, मगर इन लोगों ने सारी हदें पार करते हुए केवलमात्र झूठ और फरेब की राजनीति को अंजाम दिया। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि वे हरियाणा भर में जा रहे हैं और लोगों से बातचीत कर रहे हैं, किसी एक ने भी ये नहीं कहा कि वे इस गठबंधन के शासन से खुश हैं। 

हर तरफ लोग अपने किए पर पछतावा कर रहे हैं कि यदि सत्ता के इन लालची लोगों की बातों पर भरोसा नहीं किया होता तो आज हरियाणा की दिशा और दशा बदली होती। उन्होंने कहा कि इनेलो की यह हरियाणा परिवर्तन पदयात्रा नए आयाम रचेगी और वो दिन दूर नहीं जब प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी। 

उन्होंने कहा कि पदयात्रा में लोगों के उत्साह और समर्थन को देखकर वे काफी खुश हैं और उन्हें अब यकीन है कि इसी जोश और उत्साह के साथ अब हरियाणा के लोग इन झूठे लोगों से निजात लेंगे और इनेलो की सरकार बनाएंगे। इस दौरान अर्जुन चौटाला हरियाणा के पारंपरिक वेशभूषा धोती-कुर्ता पहन कर परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए। लोगों ने भी उनके इस अंदाज को खूब सराहा और अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि अर्जुन को धोती-कुर्ता में देख कर ताऊ देवी लाल की याद ताजा हो गई। 

ताऊ देवी लाल हमेशा धोती-कुर्ता पहनते थे। सुनैना चौटाला भी परिवर्तन यात्रा के पहले दिन से ही लगातार चल रही हैं और अपनी भाषा शैली, सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव से महिलाओं में खूब लोकप्रिय हो रही हैं। सुनैना यात्रा के दौरान भारी संख्या में आ रही महिलाओं के सामने इनेलो पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से रख रही हैं। 

साथ ही महिलाओं को बता रही हैं कि इनेलो पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए क्या-क्या योजनाएं लागू की जाएंगी। महिलाएं भी खुलकर सुनैना को आने वाले चुनावों में इनेलो पार्टी का तन-मन से साथ देने का आश्वासन दे रही हैं।