5 Dariya News

नगर निगमों और नगर परिषदों में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति सुनिश्चित की जाएगी : बलकार सिंह

जालंधर को अग्रणी शहर बनाने के लिए विशेष प्रोजेक्ट शुरू होगा - स्थानीय निकाय मंत्री

5 Dariya News

जालंधर 01-Jun-2023

पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने आज कहा कि पंजाब के सभी नगर निगमों और नगर परिषदों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी ताकि पंजाब की सभी स्थानीय निकायों में सुचारू और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सुनिश्चित कि जा सके।

इस अवसर पर सांसद सुशील कुमार रिंकू, विधायक रमन अरोड़ा, डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा के साथ स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि शहर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया जाएगा ताकि लोगों को स्वच्छ पीने का पानी, साफ-सफाई, बढिया सड़क बुनियादी ढांचा, स्ट्रीट लाइटिंग जैसे लाभ प्रदान किए जा सके। 

उन्होंने कहा कि जालंधर ने सुशील कुमार रिंकू को बड़े अंतर से जीता कर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार में विश्वास दिखाया है और अब हमारा कर्तव्य है कि शहर को देश के प्रमुख शहरों में से एक बनाकर जालंधर के लोगों की उम्मीदों को पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस शहर के विकास को नई राह पर लाने के लिए जालंधर में कई विशेष प्रोजैक्ट शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द यह सभी को स्पष्ट हो जाएगा कि सरकार जालंधर शहर के लिए बड़े प्रोजैक्ट शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

इससे पहले कैबिनेट मंत्री के शहर पहुँचने पर पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया और डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने स्थानीय सर्किट हाउस में मंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर बोलते हुए सांसद सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने जालंधर जिले को पंजाब कैबिनेट में जगह दी है, जिससे इस शहर के विकास को और गति मिलेगी। 

उन्होंने कैबिनेट मंत्री बलकार सिंह को मंत्री के रूप में शामिल करने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह जालंधर के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।इस मौके पर अन्य लोगों के इलावा पंजाब स्टेट कंटेनर एंड वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन की चेयरपर्सन राजविंदर कौर थियाडा, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, आप नेता सुरिंदर सिंह सोढ़ी, दिनेश ढल, महिंदर भगत आदि मौजूद थे।