मंडलायुक्त कश्मीर ने माता खीर भवानी मेला की व्यवस्थाओं की समीक्षा की
अधिकारियों को गांदरबल, अन्य स्थानों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया
5 Dariya News
श्रीनगर 12-May-2023
मंडलायुक्त कश्मीर विजय कुमार बिधूड़ी ने अधिकारियों की एक बैठक बुलाई जिसमें तुलमुल्ला गांदरबल और कुलगाम, अनंतनाग और कुपवाड़ा सहित अन्य जिलों में माता खीर भवानी मेला के उत्सव की व्यवस्था की समीक्षा की गई।बैठक में गांदरबल, कुलगाम, कुपवाड़ा और अनंतनाग के उपायुक्त, स्वास्थ्य सेवा निदेशक, कश्मीर, एफसीएसएंडसीए के अधिकारी, केपीडीसीएल, पर्यटन, परिवहन, पीएचई, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं, एसएमसी, एसआरटीसी, राहत और पुनर्वास आयुक्त, पुलिस के अलावा जगती टेनमेंट कमेटी/सोन कश्मीर फ्रंट यूटी जम्मू-कश्मीर और माता खीर भवानी जी यात्रा वेलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धार्मिक आयोजन के दौरान तुलमुल्ला गांदरबल और अन्य स्थानों पर जहां हजारों कश्मीरी पंडितों के आने की संभावना है, वहां साफ-सफाई और उचित स्वच्छता सुनिश्चित करें।उन्होंने संबंधितों को श्रद्धालुओं को पेयजल, बिजली और परिवहन सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए ताकि उत्सव के दौरान उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा, उन्होंने एसएमसी को मेला की अवधि के दौरान ट्रस्ट को मोबाइल शौचालय प्रदान करने का निर्देश दिया और संबंधित एजेंसियों को मेला खीर भवानी के शुरू होने से पहले तुलमुल्ला में नवीनीकरण और उन्नयन कार्यों को पूरा करने के लिए भी कहा।मंडलायुक्त ने डीसी गांदरबल को मेला माता खीर भवानी के प्रतिभागियों की सुविधा हेतु टेंट और कुर्सियों की व्यवस्था करने के अलावा श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के प्रबंधन को कंबल प्रदान करने का निर्देश दिया।