5 Dariya News

मिशन यूथ ने परवाज योजना के उम्मीदवारों के लिए वार्ता सत्र, भविश्य मार्गदर्शन का आयोजन किया

डॉ. शाहिद ने सार्वजनिक सेवा में प्रवेश करने से पहले बहुमुखी नौकरी की आवश्यकताओं की समझ पर जोर दिया

5 Dariya News

श्रीनगर 05-May-2023

जम्मू और कश्मीर मिशन यूथ ने श्रीनगर में परवाज योजना के तहत कोचिंग प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों के लिए एक दिवसीय वार्ता सत्र और भविश्य मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया।इस अवसर पर सचिव, जनजातीय मामले एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिशन यूथ डॉ. शाहिद इकबाल चैधरी मुख्य अतिथि थे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य परवाज योजना के तहत चुने गए उम्मीदवारों को सीधे बातचीत और एक प्रश्न उत्तर सह प्रतिक्रिया सत्र के माध्यम से जानकारी प्रदान करना था। 

इस कार्यक्रम में लगभग 400 उम्मीदवारों ने भाग लिया, जो वर्तमान में कोचिंग संस्थानों के संकाय सदस्यों के साथ-साथ मिशन यूथ के साथ विभिन्न संस्थानों में कोचिंग कर रहे हैं।इस अवसर पर कश्मीर के सीसीपीसी विश्वविद्यालय के प्रमुख प्रोफेसर इशाक अहमद गीर ने कैरियर मार्गदर्शन के महत्वपूर्ण विषय पर बात की। उन्होंने इन परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए आईएएस और जेकेएएस जैसी अति-प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में तनाव प्रबंधन के महत्व पर जोर दिया।

इस कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा डॉ. शाहिद इकबाल चैधरी के साथ उम्मीदवारों का सीधा सत्र रहा जिसके दौरान, डॉ. शाहिद इकबाल ने उम्मीदवारों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया। उम्मीदवारों से यह भी पूछा गया कि वे खुद को लोक सेवकों की भूमिका, जिम्मेदारियों और अपेक्षाओं से कैसे जोड़ते हैं।

डॉ. शाहिद ने सार्वजनिक सेवा में प्रवेश करने से पहले नौकरी की बहुमुखी आवश्यकताओं को समझने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को इन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान खुले विचारों से अपनी ताकत और कमजोरियों के प्रति सचेत रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके अलावा, डॉ. शाहिद ने पहले दिन से ही बैकअप करियर योजना के महत्व पर जोर दिया। 

उन्होंने उम्मीदवारों को प्रोत्साहित किया कि वे इस तरह की प्रतियोगी परीक्षाओं को पास न कर पाने पर निराश न हों, बल्कि इन्हें बेहतर व्यक्ति और नागरिक बनने के लिए अनुभव को सीखने के अवसर के रूप में लें। उन्होंने इन सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में समय प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

इसके अतिरिक्त उन्होंने उम्मीदवारों को सही अध्ययन सामग्री चुनने की सलाह दी क्योंकि यह उनकी समझ और जानकारी को बनाए रखने पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पढ़ाई में गुणवत्तापूर्ण समय बिताने के अलावा, व्यक्ति को अपने मन और शरीर को तनावमुक्त करने हेतु अपनी रुचि की पाठ्येतर गतिविधियों में कुछ खाली समय भी देना चाहिए।

बातचीत के दौरान, छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और चल रही परवाज योजना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ऐसी योजना को लागू करने के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार का भी आभार व्यक्त किया, जो इस क्षेत्र के हजारों युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद करती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया ताकि उनकी क्षमता का उपयोग किया जा सके और उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने और आकांक्षाओं को पूरा करने हेतु प्रेरित किया जा सके।