राजभवन ने माननीय प्रधान मंत्री के ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड के उत्सव की मेजबानी की
5 Dariya News
जम्मू 30-Apr-2023
जम्मू कश्मीर राजभवन ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 100वीं कड़ी की मेजबानी की।इस कार्यक्रम में प्रख्यात व्यक्तिगण, युवा उपलब्धि हासिल करने वाले, खिलाड़ी, पद्म श्री और पंचायत पुरस्कार प्राप्त करने वाले व्यक्तिगण, राष्ट्रीय और केंद्र शासित प्रदेश स्तर के पुरस्कार विजेता, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के नागरिक जिनका उल्लेख माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के पिछले संस्करणों में किया था, विशेष रूप से आमंत्रित थे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि ‘मन की बात’ 140 करोड़ देशवासियों की आवाज है। यह उनकी आकांक्षाओं, सपनों, चुनौतियों, सफलता, असफलता, संकल्प और नई शुरुआत को प्रतिध्वनित करता है। मन की बात हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं और इसके विचारों और आदर्शों में गहराई से निहित है।” माननीय पीएम ने मन की बात के माध्यम से नागरिकों के साथ एक प्रभावी और दोतरफा संचार स्थापित किया है और रेडियो को हर परिवार का अभिन्न अंग बना दिया है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा “संवाद लोकतंत्र की आत्मा है। एक राजनेता और नागरिकों के बीच सीधा संवाद यह सुनिश्चित करता है कि लोकतंत्र की नींव मजबूत हो, शासन में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो और उनकी आवाज नीतियों के केंद्र में हो।”
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ माननीय प्रधान मंत्री के ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘‘ के दृष्टिकोण का सही प्रतिबिंब है। इसने आम आदमी को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए सशक्त बनाया है।
उपराज्यपाल ने विविधता में एकता और एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करने में मन की बात कार्यक्रम द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।अक्तूबर 2014 की शुरुआत से ‘मन की बात’ ने समाज के हर वर्ग को छुआ है और एक नई सामाजिक क्रांति को आकार देने के लिए व्यवहार परिवर्तन को प्रभावित किया है।
‘मन की बात’ न केवल एक शक्तिशाली रेडियो कार्यक्रम है बल्कि यह समाज के सपनों और संकल्प को साकार करने हेतु प्रेरणा का स्रोत भी है।उपराज्यपाल ने ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड के उपलक्ष्य में एक फोटो प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।