5 Dariya News

मायावती बोलीं जनता के लिए बसपा जैसा सर्वजन हिताय परिवर्तन जरूरी

5 Dariya News

लखनऊ 27-Apr-2023

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने नगर निकाय चुनाव में जनता से बसपा को समर्थन देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट्राचार के जंजालों से मुक्ति के लिए बीएसपी जैसा सर्वजन हिताय परिवर्तन जरूरी है। बसपा मुखिया मायावती ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि यूपी में मेयर व सभासद, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष आदि के लिए हो रहे चुनाव में इन संस्थानों में जबरदस्त भ्रष्टाचार, सड़क, सफाई, नाली सहित विकास का घोर अभाव, हाऊस टैक्स में मनमानी वृद्धि व उनपर भारी ब्याज आदि जंजालों से मुक्ति के लिए बीएसपी जैसा सर्वजन हिताय परिवर्तन जरूरी है।

उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा हो या सपा, सत्ताधारी पार्टियां सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के अलावा साम, दाम, दंड, भेद आदि अनेकों हथकंडे चुनावों में अपनाती हैं, किन्तु प्रबुद्ध व मेहनतकश शहरी जनता द्वारा अपने असली हित, सुख-सुविधा, सफाई व भ्रष्टाचार पर अंकुश आदि हेतु वोट का प्रभावी इस्तेमाल जरूरी है।

मायावती ने कहा कि स्वाभाविक है कि यूपी के लोग अगर अपनी दिन-प्रतिदिन की मुसीबतों, जंजालों, जुल्म-ज्यादती व लगातार दुष्कर होते जीवन व असुरक्षा आदि से मुक्ति चाहते हैं तो उन्हें भाजपा सरकार के लुभावने वादे एवं कागजी दावों आदि के छलावे से बाहर निकलना होगा, बीएसपी की यह अपील है।