5 Dariya News

इतिहास गवाह है, जिन्होंने भी पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश की है, वह कभी भी कामयाब नहीं हुए : हरपाल सिंह चीमा

आप नेता ने शांति बनाए रखने के लिए पंजाब के लोगों और उपयुक्त कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद किया

5 Dariya News

चंडीगढ़ 23-Apr-2023

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता व पंजाब सरकार में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग शांतिप्रिय लोग हैं। वे शांति और विकास चाहते हैं। इतिहास गवाह है कि जिसने भी पंजाब की साम्प्रदायिक सद्भाव और भाईचारे को भंग करने की कोशिश की, वह हमेशा असफल रहा है।

रविवार को मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अजनाला कांड के दौरान एक व्यक्ति को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूप को ढाल बनाया गया था। लेकिन पंजाब पुलिस पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और सूझबूझ के साथ पूरी स्थिति को संभाला।  

मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पंजाब पुलिस ने बिना किसी तरह की फायरिंग और लाठीचार्ज किए पूरे हालात को काबू कर लिया। किसी को भी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी नहीं करने नहीं दी क्योंकि वे सीएम के आदेशानुसार काम कर रहे थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।

चीमा ने कहा कि 18 मार्च को अमृतपाल सिंह कानून का सामना करने के बजाय पुलिस से डरकर भाग गया था।  36 दिनों के लंबे ऑपरेशन के बाद आज पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि अमृतपाल ने अजनाला कांड जैसा स्टंट करने की कोशिश की लेकिन एक बार फिर पंजाब पुलिस ने कुशलता से काम किया।  

चीमा ने पिछली अकाली- भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि उनके शासन में बेअदबी की कई घटनाएं हुईं और पुलिस फायरिंग में कई मासूम लोग मारे गए। लेकिन यह आम आदमी पार्टी की धर्मनिरपेक्ष सरकार है, जो सभी धर्मों का सम्मान करती है और पंजाब के लोगों के कल्याण के लिए काम करती है।

चीमा ने कहा कि पंजाब की सांप्रदायिक सद्भाव और शांति बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। हम इसे किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने देंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को धैर्यपूर्वक कार्रवाई करने के लिए धन्यवाद दिया और राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।  

चीमा ने पंजाब के लोगों को भी सरकार पर भरोसा करने और समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि इस पूरे ऑपरेशन के दौरान कोई दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं हुई।  उन्होंने लोगों से आप सरकार का समर्थन करते रहने की अपील की और कहा कि हम अपने लोगों की मदद से ही शांति और भाईचारा कायम रख सकते हैं। राज्य को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए शांति बेहद जरूरी है।