5 Dariya News

पंजाब के मुख्यमंत्री ने जिला मोगा के राष्ट्रीय खेलों में 8 पदक विजेताओं को नगद राशि देकर सम्मानित किया

तेजिंदरपाल सिंह तूर व अन्य खिलाड़ियों को 32 लाख रुपये के चेक प्रदान

5 Dariya News

मोगा 23-Apr-2023

राज्य में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए पंजाब सरकार राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार दे रही है। इसी क्रम में गुजरात के अहमदाबाद शहर में आयोजित राष्ट्रीय खेल-2022 में पदक जीतने वाले राज्य के 141 खिलाड़ियों को पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान ने 5.43 करोड़ की नकद राशि से सम्मानित किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर श्री कुलवंत सिंह ने बताया कि इन राष्ट्रीय खेलों में जिला मोगा के गौरवान्वित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर ने एथलेटिक्स की शॉट पुट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। जिसके लिए उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा 5 लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया गया।

 उन्होंने कहा कि जिला मोगा के तेजिंदरपाल सिंह तूर सहित 8 खिलाड़ियों ने इन खेलों में स्वर्ण और रजत पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि जिले की तीन खिलाड़ियों मनवीर कौर, हरविंदर कौर और प्रकाश कौर ने भी टीम वर्ग सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीते और पंजाब सरकार ने इन खिलाड़ियों को पांच-पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

 उन्होंने कहा कि खिलाड़ी कुलविंदर सिंह, करमजीत सिंह, भगवान सिंह और जसमेल सिंह ने रोइंग खेल में रजत पदक जीता था, जिसके एवज में उन्हें तीन-तीन लाख रुपये दिए गए थे। उन्होंने कहा कि इस दौरान मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान ने घोषणा की कि इन विजेता एथलीटों को अगले राष्ट्रीय स्तर के खेलों की तैयारी के लिए हर महीने 16 हजार रुपये दिए जाएंगे, ताकि वे और अधिक उन्नत तरीके से अपना अभ्यास जारी रख सकें और अगले राष्ट्रीय स्तर के खेलों में अधिक से अधिक पदक जीत सकें।

 श्री कुलवंत सिंह ने जिला मोगा के खिलाड़ियों को इस सम्मान के लिए बधाई दी और भविष्य में और भी गौरवपूर्ण उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने अन्य बच्चों से भी अपील की कि वे इन खिलाडिय़ों से प्रेरणा लेकर अपने माता-पिता, जिला मोगा और पंजाब का नाम रोशन करें। इस मौके पर जिला खेल पदाधिकारी श्री बलजिंदर सिंह भी मौजूद रहे।