5 Dariya News

कर्नाटक के हुबली में गरजे सीएम भगवंत मान

"आप" उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करते हुए कांग्रेस-बीजेपी पर साधा निशाना

5 Dariya News

हुबली (कर्नाटक) 18-Apr-2023

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कंग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्नाटक की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने लोगों से 'आप को एक मौका देने' की अपील की और कहा कि आम आदमी पार्टी जनता से किए गए हर वादे को पूरा करती है। दिल्ली और पंजाब इसके उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के चलते हुबली में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में रोड शो कर रहे थे। कांग्रेस और बीजेपी पर हमला बोलते हुए मान ने कहा कि दोनों पार्टियों ने 75 साल तक देश को केवल लूटा है। लोग दोनों पार्टियों से तंग आ चुके हैं और अब बदलाव चाहते हैं। 

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस अब "चेंज" की नहीं "एक्सचेंज" की प्रतीक है। उसके नेता भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठे रहते हैं,क्योंकि की वे जानते हैं कांग्रेस का जहाज़ डूब रहा है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को अब अपने कार्यालय के बाहर लिख देना चाहिए कि 'यहां जनता द्वारा चुने गए विधायक बिकते हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र में भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की और कहा कि भाजपा ने देश के विकास के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वादा नही जुमला सुनाते हैं। मोदी ने सत्ता में आने से पहले देशवासियों को 15 लाख देने का वादा किया था,लेकिन इसके उल्ट सरकार बनने के बाद भाजपा ने नोटबंदी कर लोगों को पाई-पाई का मोहताज बना दिया।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब और कर्नाटक की समस्याएं एक जैसी हैं।  यहां भी युवाओं को रोजगार चाहिए,भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहिए,लोगों को अच्छे स्कूल,कॉलेज,अस्पताल, बिजनेस करने के लिए अच्छा माहौल चाहिए। अच्छी सड़कें,अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर चाहिए। यह सब उन्हें आम आदमी पार्टी ही दे सकती है।

उन्होंने पंजाब में आप सरकार के एक साल के कामकाज का जिक्र किया और कहा कि उन्होंने पंजाब में 28 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिया है।  80 फीसदी से ज्यादा लोगों के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं। भ्रष्टाचार का सफाया हो गया है। पिछली सरकार के दौरान लोगों को लूटने वाले अब जेल में हैं। 

सरकार उनसे जनता से लूटा पैसा वसूल कर पंजाब का खजाना भर रही है और लोगों के विकास पर खर्च कर रही है।भगवंत मान ने "आप" के राष्ट्रीय कन्वीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके जैसा नेता देश में केवल एक ही है जो देश की उन्नति चाहता है। 

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया। अब दिल्ली केसरकारी  स्कूलों में आम लोगों और अधिकारियों के बच्चे एक छत्त के नीचे अच्छी शिक्षा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी सर्वे में नहीं बल्कि सीधे सरकार में आती है। अगर कर्नाटक की जनता उन्हें मौका दे तो यह तय है कि राज्य की जनता फिर कभी पारंपरिक पार्टियों को वोट नहीं देगी।