5 Dariya News

मुख्य सचिव ने एनएच परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

5 Dariya News

श्रीनगर 05-Apr-2023

मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता ने राष्ट्रीय राजमार्ग की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु एक बैठक की अध्यक्षता की।बैठक के दौरान, कार्यान्वयन के तहत महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर गहन चर्चा की गई जिसमें उधमपुर-रामबन सैक्षन पर जयसवाल पुल, रामबन फ्लाईओवर और सुरंग शामिल हैं।

बैठक के दौरान बताया गया कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम में तेजी लाई जा रही है। 

जयसवाल पुल 10 अप्रैल तक जबकि रामबन फ्लाईओवर 15 अप्रैल तक बनकर तैयार हो जाएगा। मुख्य सचिव ने संबंधितों को काम की गति तेज करने का निर्देश दिया ताकि ये परियोजनाएं जल्द से जल्द पूरी हों और यात्रियों को श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग के साथ सुरक्षित और कम समय लेने वाली यात्रा मिले। उन्होंने कहा कि ये लिंक न केवल यात्रियों के यात्रा के समय को कम करेंगे, बल्कि कठिन भूस्खलन और शूटिंग स्टोन प्रवण क्षेत्रों को पूरी तरह से बायपास करेंगे।

मुख्य सचिव ने टी-5 टनल में पत्थर गिरने की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भूस्खलन और पत्थरों के गिरने के कारण मलबा होने पर उसे तुरंत साफ किया जाना चाहिए। उन्होंने काम पूरा होने तक इस सड़क के रखरखाव हेतु संसाधनों को बढ़ाने का निर्देश दिया।मुख्य सचिव ने अधिकारियों को जून तक एचएमवी की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा और काजीगुंड में ट्रकों के ठहराव को पूरी तरह से समाप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने मंडलायुक्त जम्मू/कश्मीर को अगले सप्ताह में इस संबंध में एक योजना तैयार करने का निर्देश दिया।