5 Dariya News

बिहार में हिंसा सुनियोजित साजिश, जानबूझकर कराई गई : नीतीश कुमार

5 Dariya News

पटना 05-Apr-2023

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के सासाराम और नालंदा में हुई हिंसा को सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि यह जानबूझकर कराई गई है। उन्होंने कहा कि एक-एक चीज की जांच कराई जा रही है। पटना में बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि साजिश के तहत बिहार में हिंसा कराई गई है। 

जल्द ही हिंसा का सच सामने आएगा। उन्होंने कहा कि कुछ खास नहीं है, सब कुछ नार्मल है। बिहार शरीफ में जिसने गड़बड़ी की है, उन सभी का पता चलेगा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक जगह हिंसा हुई जहां उनको जाना था और एक बिहारशरीफ में कराई गई। 

उन्होंने कहा कि यहां कभी कुछ नहीं होता है, अचानक कैसे हो गया?मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग लगे हुए हैं। हर एक घर तक जाकर जांच की जा रही है। कुछ दिन बाद सब पता चल जाएगा। यह सब कुछ जानबूझकर किया गया है। बिहारशरीफ में जो धंधा किया है, वो सब कुछ दिन बाद पता चल जाएगा। 

जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि 2 लोग हैं, एक राज कर रहा है और दूसरा उसका एजेंट है। दोनों मिलकर ये सब इधर-उधर कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रामनवमी पर्व के दौरान बिहार के नालंदा और बिहारशरीफ में हिंसक झड़प हो गई थी। फिलहाल दोनो जगह शांति है।