5 Dariya News

हम दूसरी पार्टियों की तरह राजनीति का व्यापार नहीं करते, हम जनकल्याण करते हैं : भगवंत मान

अरविंद केजरीवाल की क्रांति अब पूरे देश में फैल रही है - मान

5 Dariya News

असम 02-Apr-2023

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को असम में  एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा- कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि हम दूसरी पार्टियों के नेताओं की तरह सत्ता में आकर व्यापार नहीं करते, हम जनकल्याण और विकास का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस राज्य का राजा व्यापारी होता है उस राज्य की प्रजा भिखारी होती है।

उन्होंने कहा कि असम में पहले पांच साल बीजेपी और पांच साल कांग्रेस मिलकर राज करती थी। अब यहां भी लोगों के पास दिल्ली और पंजाब की तरह आम आदमी पार्टी के रूप में एक ईमानदार और अच्छी पार्टी का विकल्प मौजूद हो गया है।मान ने अपने कार्यों की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि पंजाब में हमने भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म कर दिया है। 

हमने भ्रष्टाचारियों पर लगाम लगाने के लिए एक एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी किया जिसके बाद 500 से ज्यादा भ्रष्ट अधिकारियों, कर्मचारियों और नेताओं पर कार्रवाई हुई। अब भ्रष्ट लोगों के मन में डर पैदा हो गया है।पंजाब में हमने बिजली फ्री कर दी। आज 90% से ज्यादा घरों के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं। हमने पंजाब में गारंटी दी थी कि सरकार बनने के बाद गांव-गांव में मोहल्ला क्लीनिक खोलेंगे। 

एक साल के भीतर ही हमने 500 से ज्यादा मोहल्ला क्लीनिक खोल दिए। इसके अलावा हमने एक साल के भीतर पंजाब के 28472 नौजवानों को सरकारी नौकरियां दी।मान ने कहा कि भाजपा वाले नफरत की बात करते हैं। हम स्कूलों और अस्पतालों की बात करते हैं। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने सरकारी स्कूलों का कायाकल्प कर दिया। 

उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बना दिया। पंजाब में भी हमने स्कूलों का कायाकल्प करना शुरू कर दिया है। अब प्राइवेट स्कूलों के बच्चे नाम कटवा कर सरकारी स्कूल में दाखिला ले रहे हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चे आज डॉक्टर इंजीनियर वकील और बड़े बड़े अधिकारी बन रहे हैं। 

भारतीय जनता पार्टी दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य क्रांति से घबरा गई है। इसीलिए उन्होंने दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को साजिश के तहत झूठे केस में फंसा कर जेल में डाल दिया। प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि पीएम मोदी बचपन में रेलवे स्टेशन पर चाय बेचा करते थे। 

सरकार बनने के बाद उस रेलवे को ही भेज दिया। उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं है कि लोकतंत्र में जनता किसी को भी कभी भी अर्श से फर्श पर ला देती है। मुख्यमंत्री मान ने असम की जनता से अपील की कि आम आदमी पार्टी को एक मौका दें। हम दिल्ली और पंजाब की तरह यहां भी बदलाव लाएंगे। स्कूलों और अस्पतालों का कायाकल्प करेंगे एवं भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म करेंगे।