5 Dariya News

नवजोत सिद्धू स्टंटमैन हैं, सरकार ने आठ बजे ही दे दिए थे रिहाई के आदेश: मलविंदर सिंह कंग

सिद्धू को आराम करने और अपने परिवार के साथ समय बिताने की जरूरत है: मलविंदर कंग

5 Dariya News

चंडीगढ़ 01-Apr-2023

आम आदमी पार्टी (आप) ने नवजोत सिंह सिद्धू को स्टंटमैन बताते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें सुबह आठ बजे ही रिहा करने का आदेश दिया था। वह आजादी की लड़ाई लड़कर नहीं बल्कि एक बुजुर्ग की हत्या के जुर्म में सजा काटकर जेल से बाहर आये हैं।आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने सवाल किया और पूछा कि ढोल नगाड़े की नौटंकी क्यों?  

सिद्धू हमेशा से ही बड़बोले व्यक्ति रहे हैं और रहेंगे। "उनकी वजह से एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई थी, बयान देने के बजाय उन्हें इस बारे में आत्मचिंतन करना चाहिए।उन्होंने कहा कि अपने गुनाहों की सजा भुगतने के बाद उन्हें थोड़ा विनम्र होना चाहिए, लेकिन वह वही नवजोत सिंह सिद्धू हैं, जो पहले दिन से बड़े बोल बोल रहे हैं। 

मुख्यमंत्री पर उनकी व्यक्तिगत टिप्पणी ने साबित कर दिया कि वह अभी भी इस हकीकत को नहीं पचा पाए हैं कि भगवंत मान को तीन करोड़ पंजाबियों ने अपना मुख्यमंत्री चुना है।कंग ने कहा कि उन्हें यह समय अपने परिवार के साथ बिताना चाहिए। सिद्धू जानबूझ कर ऐसा माहौल बना रहे हैं जैसे वह सियासी हिरासत से आ रहे हैं। पंजाब की जनता सब जानती है और उन्हें पहले ही नकार चुकी है।

कंग ने सिद्धू को याद दिलाया कि उनकी सरकार (कंग्रेस) ने 36,000 फर्जी नौकरियों का विज्ञापन दिया, ज्यादा ब्याज दरों पर कर्ज लिया। पंजाब के लोग सब जानते हैं। इसलिए सिद्धू को अति उत्साह में बयान देने से परहेज़ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मान सरकार पंजाब के लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है।

मुख्य प्रवक्ता कंग ने कहा कि खराब मौसम के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है और मुख्यमंत्री भगवंत मान किसानों की मदद करने और मुआवजा देने के लिए लगन से काम कर रहे हैं।  पिछली सरकारों में, जिनमें खुद (नवजोत सिद्धू) भी शामिल थे, मंत्री भ्रष्ट थे और पंजाब को लूट रहे थे।

उन्होंने ने कहा कि सिद्धू को आराम करने की जरूरत है, हम समझते हैं कि जब कोई जेल जैसी जगह में इतना समय बिताने के बाद आता है, तो उसे थोड़ी स्थिरता चाहिए, उसे शांति चाहिए, उन्हें अपने परिवार के बीच बैठकर भगवान से प्रार्थना करने की जरूरत है।वहीं,पार्टी प्रवक्ता जगतार सिंह संघेड़ा ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू को मान सरकार द्वारा एक साल में किए गए कामों की तुलना अपनी पिछली विभिन्न सरकारों के कामों से करनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि मान सरकार ने एक साल में जितना काम किया है, उतना पिछली सरकारों ने अपने पूरे कार्यकाल में नही किया। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू उस सरकार में शामिल थे, जिसने किसानों को उनकी फसल के नुकसान के लिए 40 रुपये के चेक दिए थे। जबकि मान सरकार किसानों को सबसे ज्यादा मुआवजा दे रही है।