5 Dariya News

कांग्रेस ने मुझे जेल भेजने के लिए कई बार बिछाया था जाल, आज कुछ दल मिलकर चला रहे हैं भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान - पीएम नरेंद्र मोदी

5 Dariya News

नई दिल्ली 28-Mar-2023

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस की सरकार ने उन्हें जेल भेजने के लिए कई बार जाल बिछाया था लेकिन वो पूरी तरह से नाकाम रहे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दलों ने मिलकर आज भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नई दिल्ली में भाजपा केन्द्रीय कार्यालय विस्तार का लोकार्पण करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, जनसंघ के जमाने में कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता यह कहा करते थे कि वे जनसंघ को जड़ से उखाड़ कर फेंक देंगे और आज की कांग्रेस यह कहती है कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी।

उन्होंने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाते हुए आगे कहा कि, जनसंघ को मिटाने की, भाजपा को मिटाने की अनेक बार साजिशें हुई और ये तो वो लोग है जिन्होंने मुझे भी जेल में डालने के लिए क्या-क्या जाल नहीं बिछाया लेकिन वो पूरी तरह से नाकाम रहे। कांग्रेस समेत अन्य तमाम विरोधी दलों द्वारा चलाए जा रहे सरकार विरोधी अभियान पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र ने कहा कि कुछ दलों ने मिलकर भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। 

जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उन पर जब एजेंसियां कार्रवाई करती हैं तो एजेंसियों पर हमला किया जाता है। जब कोर्ट कोई फैसला सुनाता है तो कोर्ट पर सवाल उठाया जाता है। उन्होंने आंकड़ों के साथ यह दावा किया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों पर तेजी से कार्रवाई हो रही है और तमाम विरोध के बावजूद भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी यह लड़ाई जारी रहेगी। 

प्रधानमंत्री ने भाजपा की लगातार विस्तार यात्रा का जिक्र करते हुए आगे कहा कि भाजपा जनता-जनार्दन के आशीर्वाद और देशवासियों के प्यार से बची है और लगातार फल-फूल रही है। उन्होंने भाजपा को आज एकमात्र पैन इंडिया पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक ही सीमित नहीं है बल्कि भाजपा एक व्यवस्था है, एक विचार है, एक संगठन है और एक आंदोलन है। 

उन्होंने कहा कि देशवासियों के आशीर्वाद से भाजपा आगे बढ़ी है, बढ़ रही है और बढ़ती ही रहेगी। एक लंबे अर्से बाद भाजपा के दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी भी इस कार्यक्रम में नजर आएं। भाजपा केन्द्रीय कार्यालय विस्तार के लोकार्पण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यालय के निर्माण कार्य में सहयोग देने वाले कर्मियों से भी मुलाकात की।