5 Dariya News

चेतन सिंह जौड़ामाजरा द्वारा फसलों के नुकसान का जायज़ा लेने के लिए गाँवों का दौरा

मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व अधीन पंजाब सरकार किसान हितैषी सरकार-कैबिनेट मंत्री

5 Dariya News

राम नगर/समाना/पटियाला 27-Mar-2023

पंजाब के सूचना एवं लोक संपर्क, बाग़बानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने आज अपने विधान सभा क्षेत्र के गाँवों में पिछले दिनों पड़े बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों के हुए नुकसान का जायज़ा लेने के लिए सस्सी ब्राह्मणा, सस्सा गुज्जरां, भगवानपुरा, धरमेढ़ी, घियोरा, बीबीपुर और रंधावा आदि का दौरा किया। 

उनके साथ एस.डी.एम. पटियाला डॉ. इस्मत विजय सिंह, आम आदमी पार्टी के शहरी जि़ला प्रधान तेजिन्दर मेहता और गुरदेव सिंह टिवाना और अन्य आदरणीय मौजूद थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व अधीन पंजाब सरकार किसान हितैषी सरकार साबित हुई है, क्योंकि प्राकृतिक आपदा के दो दिनों के अंदर-अंदर मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रभावित किसानों के साथ मुलाकात की और नुकसान का जायज़ा लिया। 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य के किसानों को बड़ी राहत देते हुए फसलों के खराबे के मुआवज़े में 25 प्रतिशत वृद्धि की और आज एक और अहम फ़ैसला करके सहकारी सोसाइटियों की लिमिट्स की किस्तें भरने में भी एक साल की छूट दी है। सस्सी ब्राह्मणा, सस्सा गुज्जरां, धरमेढ़ी, भगवान पुरा के किसानों को आश्वासन देते हुए चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि इस इलाके में बरसाती पानी के खड़े होने को रोकने के लिए और पानी की निकासी के लिए मीरापुर चोअ तक पाईपलाईन डाली जायेगी। 

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण अन्नदाता के हुए नुकसान की भरपायी पंजाब सरकार करेगी। चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने बताया कि मुख्यमंत्री के फ़ैसले के मुताबिक अगर फ़सल का नुकसान 75 प्रतिशत से अधिक होता है तो राज्य सरकार किसानों को 15,000 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवज़ा और यदि नुकसान 33 से 75 प्रतिशत तक होता है तो 6750 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवज़ा देने के साथ-साथ मज़दूरों को भी 10 प्रतिशत मुआवज़ा दिया जायेगा, जिससे उनको कोई वित्तीय मुश्किल पेश न आए।

इसके अलावा लोगों के पूरे मकान के नुकसान के मुआवज़े के तौर पर 95100 रुपए दिए जाएंगे, जबकि घरों के मामूली नुकसान के लिए 5200 रुपए दिए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि किसानों की फसलों की गिरदावरी पारदर्शी ढंग से अधिकारियों द्वारा किसानों के घेतों में बैठकर की जायेगी और पारदर्शी ढंग से ही उपयुक्त मुआवज़ा मिलेगा। 

उन्होंने अलग-अलग गाँवों में लोगों को मिलते हुए कहा कि वह अपने विधान सभा क्षेत्र के किसानों और मज़दूरों एवं आम लोगों के साथ सदा खड़े हैं और भविष्य में भी इसी तरह लोगों की सेवा करेंगे।  इस मौके पर एस.डी.एम. पटियाला डॉ. इस्मत विजय सिंह, आम आदमी पार्टी के शहरी जि़ला प्रधान तेजिन्दर मेहता, गुरदेव सिंह टिवाना, दीपक वधवा, रणजीत सिंह विर्क, बलकार सिंह गज्जूमाजरा, सुक्खी खत्तरीवाला, जसपाल सिंह घुमाण, सोनू धरमेढ़ी, कुलदीप सिंह सस्सी ब्राह्मणा, मेवा गुज्जरां, गुरपियार सिंह आदि समेत इलाके के सरपंच-पंच और अन्य आदरणीय और इलाके के पटवारी और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।