5 Dariya News

राहुल गांधी के निष्कासन पर बोले अरविंद केजरीवाल, डरी हुई सरकार की हरकत

5 Dariya News

नई दिल्ली 24-Mar-2023

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने को 'डरी हुई सरकार का कृत्य' करार दिया। उन्होंने मीडिया से कहा, जिस तरह से राहुल गांधी को फंसाया गया और उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई है..हम अदालत का सम्मान करते हैं, लेकिन यह एक कायरतापूर्ण कार्य है और डरी हुई सरकार का काम है। 

केजरीवाल ने देश की जनता से लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोकतंत्र पर हमला हो रहा है, हम सबको साथ आना होगा। उन्होंने कहा, यह राहुल गांधी या कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह देश को तानाशाह और कम पढ़े-लिखे व्यक्ति से बचाने की लड़ाई है। 

उन्होंने आरोप लगाया, ''आज जो हो रहा है वह बहुत खतरनाक है, वह एक देश एक पार्टी का माहौल बनाना चाहते हैं.इसे तानाशाही कहते हैं।'' उन्होंने एक ट्वीट में गांधी के लोकसभा से निष्कासन को 'चौंकाने वाला' करार दिया। देश बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहा है। उन्होंने पूरे देश को डरा रखा है। 130 करोड़ लोगों को उनकी अहंकारी शक्ति के खिलाफ एकजुट होना होगा।