5 Dariya News

अपने बच्चों की किस्मत बदलनी है तो ईवीएम का बटन बदलो : भगवंत मान

राजस्थान की जनता भी झाड़ू का बटन दबाने के लिए तैयार है - मान

5 Dariya News

चंडीगढ़/राजस्थान 13-Mar-2023

राजस्थान में आम आदमी पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस ने पांच-पांच साल कर बारी-बारी से राजस्थान की जनता को लूटा और मिलकर शासन किया।मान ने कहा कि दोनों पार्टियों से राजस्थान की जनता तंग आ चुकी है। अब राजस्थान की जनता भी दिल्ली और पंजाब की तरह झाड़ू चलाने के लिए तैयार बैठी है। अब राजस्थान में तीसरा विकल्प आ गया है। 

कांग्रेस और बीजेपी की सफाई के लिए भगवान ने झाड़ू भेजी है। अपनी झाड़ू से हम बीजेपी और कांग्रेस की फैलाई गंदगी को साफ करेंगे। मान ने राजस्थान के लोगों से आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि इन दोनों पार्टियों ने आपके और आपके बच्चों का भविष्य खराब किया है। अपने बच्चों का भविष्य और किस्मत बदलने के लिए ईवीएम का बटन बदलना होगा और झाड़ू को वोट देना होगा। 

उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी बनी थी तो कांग्रेस-बीजेपी वाले केजरीवाल को गाली देते थे। कहते थे की चुनकर आओ। अब हम चुनकर आ गए हैं तो कांग्रेस-बीजेपी सड़कों पर आ गई है। बीजेपी पर तंज कसते हुए मान ने कहा कि पंजाब में इनकी सीटें मात्र दो रह गई है। इनके विधायक अब स्कूटर पर भी विधानसभा आ सकते हैं।

मान ने कहा कि भाजपा ने केंद्र में अपनी सरकार बनाने के लिए लोगों से सिर्फ झूठ बोला।दो करोड़ रोजगार का झूठ बोलकर नौजवानों से वोट लिए। जब सरकार बनी तो फिर ये लोग सारी सरकारी कंपनियां एक-एक कर बेचने लगे। भाजपा ने महंगाई, रोजगार और भ्रष्टाचार पर देश की जनता से सिर्फ झूठे वादे किए। 

अब देश की जनता भाजपा को उसके झूठे वादों के लिए सबक सिखाएगी।मान ने कहा कि भाजपा के डबल इंजन से डबल करप्शन हो रहा है। इसलिए इनके डबल इंजन काे रोकना होगा। ये लोग आपके बच्चों का भविष्य बेच देंगे। अब हर घर में झाड़ू और केजरीवाल की बात होनी चाहिए। झाड़ू का बटन आपके बच्चों की किस्मत बदलेगा।